सामाजिक संस्था ऑर्गन डोनेशन वॉरियर्स ने रोटेरियन ललित शर्मा, एडवोकेट को संगठन का पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर (पीआरओ) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति देशभर में अंगदान एवं देहदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।

संस्था के अध्यक्ष रोटेरियन लाल गोयल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि ललित शर्मा की सामाजिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, प्रभावी संवाद क्षमता तथा जनसंपर्क के क्षेत्र में अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संस्था ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके प्रयासों से अंगदान जागरूकता अभियान को नई गति मिलेगी और अधिक से अधिक लोगों तक इसका संदेश पहुंचेगा।

पीआरओ के रूप में ललित शर्मा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से संस्था की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। इसके साथ ही वे अंगदान से जुड़े जन-जागरूकता अभियानों, कार्यक्रमों और सफल प्रयासों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

संस्था ने स्पष्ट किया है कि यह मानद नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। नियुक्ति पर ललित शर्मा को बधाई देते हुए संस्था ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की है और आशा जताई है कि उनके सहयोग से अधिक से अधिक लोग अंगदान का संकल्प लेकर इस मानवीय अभियान से जुड़ेंगे।

Next Story