राज्यपाल और कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने 351 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास किया और लाभार्थियों को सहायता चेक वितरित किए।

राष्ट्रभक्ति के ज्वार और विकास की नई ऊर्जा के साथ सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के तख्तगढ़ में एक ऐतिहासिक अध्याय लिखा गया। सिक्किम के राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने तख्तगढ़ के नेहरू रोड चौराहे पर 100 फीट ऊंचे विशाल तिरंगे का अनावरण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस गरिमामयी समारोह में राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत की विशिष्ट उपस्थिति रही। राज्यपाल एवं कैबिनेट मंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर ₹351.83 लाख की लागत से पूर्ण होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके पश्चात आसमान की ऊंचाइयों को छूते राष्ट्रध्वज को फहराकर एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

लोकल्याण के संकल्प को दोहराते हुए राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर और कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत 10 चयनित लाभार्थियों को ₹50-50 हजार के चेक वितरित किए। अपने संबोधन में राज्यपाल श्री माथुर ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का जीवंत प्रतीक है और ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में राष्ट्रवाद की भावना प्रगाढ़ होती है। उन्होंने तख्तगढ़ नगर पालिका के इस अभिनव प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सिक्किम की भौगोलिक विशिष्टता और प्राकृतिक सौंदर्य से भी रूबरू कराया।

कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने विकास कार्यों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजस्थान सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के साथ सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण हेतु संकल्पबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि 100 फीट ऊंचा यह तिरंगा क्षेत्रवासियों में देशप्रेम की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। मंत्री कुमावत ने बताया कि खेड़ावास में पानी की टंकी के निर्माण से क्षेत्र की दीर्घकालिक पेयजल समस्या का समाधान होगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तख्तगढ़ में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट लैब की स्थापना से अब स्थानीय स्तर पर ही 100 से अधिक प्रकार की जांचें सुलभ होंगी, जिससे ग्रामीणों को अन्य शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने सरस डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता, पीएम आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति साझा की।

विकास की श्रृंखला में 30 मीटर ऊंचाई वाले तिरंगा पोल, रैन बसेरा निर्माण, खेड़ावास में पानी की टंकी, पक्षी गृह निर्माण का शिलान्यास किया गया। साथ ही संघवी केसरी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर टिनशेड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब, और पीएमश्री राबाउमावि तख्तगढ़ में दो अतिरिक्त कक्षा कक्षों व तीन विज्ञान प्रयोगशालाओं का लोकार्पण किया गया। योजनाओं के लाभ के तहत श्रीमती सगीदेवी, पप्पुराम, जगमाल राम, श्रीमती पूजादेवी और सासाराम को आवास हेतु तथा सोहनसिंह, पुखाराम, श्रीमती पोनीदेवी, श्रीमती शांतिदेवी और श्रीमती पुष्पादेवी को स्वनिधि योजना के तहत लाभान्वित किया गया। राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुए इस समारोह में आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, पूर्व सांसद पुष्प जैन, पाली डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह बिठिया, करणसिंह राजपुरोहित नेतरा, एसडीएम कालूराम कुम्हार सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story