बून्दी में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया 461 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास
बिरला ने 398 करोड़ की बून्दी-सीलोर-नमाना-गरड़दा सड़क और 424 करोड़ की मध्यम सिंचाई परियोजना सहित कई जनहित कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

बून्दी जिले में आयोजित समारोह के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला विकास परियोजनाओं के शिलान्यास पट्टिका का अनावरण करते हुए, जहां उन्होंने क्षेत्र के सर्वागीण विकास का संकल्प दोहराया।
बून्दी, 25 फरवरी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को बून्दी जिले में लगभग 461 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि "कोटा-बून्दी का हर व्यक्ति मेरे परिवार का सदस्य है। जाति, धर्म, विचारधारा से ऊपर उठकर सेवा को सर्वोपरि मानकर के लिए काम किया जा रहा है। जनता का विश्वास, स्नेह और सहयोग ही सबसे बड़ी शक्ति है।" उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के सर्वागीण विकास के संकल्प के साथ वे निरंतर प्रयास जारी रखेंगे।
सड़क परियोजनाओं से सुधरेगी क्षेत्र की कनेक्टिविटी
बिरला ने सिलोर में 434 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बहुप्रतीक्षित बून्दी-सीलोर-नमाना-गरड़दा-भोपतपुरा तक 44 किलोमीटर लंबी सड़क का 398 करोड़ रूपए की लागत से शिलान्यास हुआ। इस परियोजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि "यहाँ के लोगो ने 20 सालों से इस सड़क के लिए संघर्ष किया। फॉरेस्ट के कारण सड़क में लंबे समय तक रुकावट रही, लेकिन हमने हार नहीं मानी। जयपुर से लेकर दिल्ली तक लगातार फॉलोअप कर स्वीकृति दिलवाई।" कोटा-बून्दी क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 4000 करोड़ रूपए के सड़क विकास कार्य चल रहे हैं। नमाना क्षेत्र में 27 सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनमें कई पूर्ण हो चुकी हैं और कई निर्माणाधीन हैं।
गरड़दा परियोजना से हर खेत तक पहुँचेगा पानी
क्षेत्र की जल समस्या पर बात करते हुए बिरला ने कहा कि "क्षेत्र के लोगो ने पानी के लिए लंबा इंतजार किया है। 424 करोड़ रूपए की गरड़दा मध्यम सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में है।" बहुत जल्द नहर का काम पूरा होगा और 44 गांवों की 9,161 हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई का पानी पहुंचेगा। इसके साथ ही 111 गांवों और 98 ढाणियों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। हर खेत तक पानी और हर घर तक नल का सपना साकार होगा, जिससे कृषि और आम जनजीवन में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
डाबी-बरड़ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण
डाबी-बरड़ क्षेत्र में 18 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण करते हुए बिरला ने कहा कि "यह वीरों की भूमि है। नानक भील जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने यहीं से क्रांति की मशाल जलाई।" उन्होंने अतीत की चुनौतियों को याद करते हुए बताया कि एक समय यहां सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव था और बरसात में संपर्क टूट जाता था। आज करोड़ों रूपए की लागत से सड़कें बन रही हैं, बिजली व्यवस्था मजबूत हो रही है और चंबल का पानी गांवों तक पहुंच रहा है। उन्होंने दोहराया कि हर गांव में सड़क, हर घर में बिजली और पानी, बेहतर स्कूल और स्वास्थ्य सुविधा ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।
गरड़दा में स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के कार्य
गरड़दा में 9.55 करोड़ रूपए के कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों में 5.95 करोड़ रुपये के नए कार्यों के अंतर्गत गरड़दा–पलकां सड़क, पुलियाओं का जीर्णोद्धार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शामिल है। वहीं 3.60 करोड़ रूपए के पूर्ण हो चुके कार्यों में केवड़िया तालाब, पलकां के टैंक, सामुदायिक भवन और भील बस्ती में ट्यूबवेल का लोकार्पण हुआ। बिरला ने अंत में जोर देते हुए कहा कि विकास तभी सार्थक है जब सड़क, पानी और स्वास्थ्य सुविधा सीधे गांव तक पहुंचे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
