जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे पर यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने और रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार, दिनांक 20 मई 2026 को जगतपुरा, जयपुर स्थित ‘मिलन’ सामुदायिक भवन में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की 22वीं बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जन-प्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और समिति के विभिन्न सदस्यों ने भाग लिया, जिसमें रेल सेवाओं को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के लिए व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में राजसमंद की सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़, जयपुर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण के सांसद श्री राव राजेंद्र सिंह, खाजूवाला (बीकानेर) के विधायक श्री विश्वनाथ मेघवाल एवं राजस्थान सरकार की प्रतिनिधि के रूप में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त, जयपुर श्रीमती दीप्ति कछवाहा विशेष रूप से सम्मिलित हुईं। इनके अतिरिक्त, उत्तर पश्चिम रेलवे के भौगोलिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, रेल यात्री संघों और उपभोक्ता संरक्षण संगठनों के प्रतिनिधि एवं नामित सदस्य उपस्थित रहे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, समिति के अध्यक्ष एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे अपने आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी क्षमता से कार्यरत है। उन्होंने रेलमार्गों के विद्युतीकरण, माल लदान की स्थिति, समयबद्धता, रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं, शिकायत निवारण प्रणाली और स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात, समिति के सचिव एवं उपमहाप्रबंधक (सामान्य) श्री शशांक ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बीते समय में निष्पादित कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और रेलवे की उपलब्धियों से सदस्यों को अवगत कराया।

बैठक के दौरान माननीय सांसदों एवं विधायक ने क्षेत्रवार अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। राजसमंद की सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने यात्री सुविधाओं के विस्तार के प्रयासों की सराहना की और उदयपुर सिटी-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को दिल्ली तक विस्तारित करने का सुझाव दिया। वहीं, जयपुर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा ने जयपुर एवं गांधीनगर स्टेशन पर विकसित हो रही विश्वस्तरीय सुविधाओं की प्रशंसा की और जयपुर के सभी स्टेशनों पर ‘सरस’ बूथ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही, सांसद श्री राव राजेंद्र सिंह एवं विधायक श्री विश्वनाथ मेघवाल ने नई ट्रेनों के संचालन, फेरों में वृद्धि, स्टॉपेज की संख्या, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर, वृद्ध एवं दिव्यांगजन हेतु विशेष सुविधाओं, खाद्य गुणवत्ता एवं प्रतीक्षारत यात्रियों हेतु बेहतर व्यवस्थाओं पर बल दिया।

समिति के अन्य सदस्यों ने भी अपने संबंधित क्षेत्रों के यातायात दबाव को देखते हुए नई रेल लाइनों, वंदे भारत व अन्य ट्रेनों के विस्तार, समय-सारणी में सामंजस्य तथा स्टेशनों पर स्वच्छता व आधारभूत ढांचे में सुधार हेतु सुझाव प्रस्तुत किए। समिति के सदस्यों ने इस सार्थक चर्चा के लिए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया। बैठक में अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री मदन राम देवड़ा, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती सीमा शर्मा, प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर श्री बृजमोहन मीना, प्रमुख मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री अनुराग गोयल, प्रमुख मुख्य संरक्षा आयुक्त श्री ज्योति कुमार सतीजा समेत अन्य विभागाध्यक्ष, उपमहाप्रबंधक (सामान्य) श्री शशांक तथा उप सचिव श्री पी. के. मलिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story