उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला अधिकारियों और महिला कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करने, उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा स्वास्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 से 11 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन का समापन एवं सम्मान समारोह बुधवार, दिनांक 11.03.2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में संपन्न हुआ।

'गिव टू गेन' थीम पर आधारित विशेष सप्ताह

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, 8 मार्च को आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम "गिव टू गेन" पर उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय सहित सभी मंडलों एवं इकाइयों पर 3 से 11 मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह मनाया गया। इस दौरान महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए "कर्मयोगी भारत PoSH प्रशिक्षण, मिशन शक्ति ऐप का उपयोग, तनाव मुक्त कार्यशाला (लाफ्टर योगा) एवं फन गेमों" सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

महाप्रबन्धक द्वारा महिला शक्ति की सराहना

इस गरिमामयी अवसर पर महाप्रबन्धक श्री अमिताभ ने अपने संबोधन में सम्मानित महिला रेलकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि — "उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य महिला कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी महिला रेलकर्मी इसी प्रकार अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करती रहेंगी और रेलवे की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी।" उत्तर पश्चिम रेलवे पर वर्तमान में 2864 महिला कर्मचारी स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, ट्रैक मैंटेनर, इंजीनियर, रेलवे सुरक्षा बल और चिकित्सक जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपना दायित्व बखूबी निभा रही हैं।

पुरस्कार वितरण एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं

अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह के समापन पर बुधवार, 11.03.2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अंजू द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिला रेलकर्मियों को स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए क्विज प्रतियोगिताएं, सेमीनार, परिचर्चा, पेंटिंग प्रतियोगिता और काव्य पाठ जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

ट्रेन संचालन की कमान और तनाव मुक्ति कार्यशाला

महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 8 मार्च को अजमेर, बीकानेर व जोधपुर मंडल पर महिला चालक दल को ट्रेन संचालन का उत्तरदायित्व सौंपा गया। इसके अतिरिक्त, 05.03.2026 को आयोजित 'तनाव मुक्ति कार्यशाला' में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. हरीश रावत ने लाफ्टर योगा का अभ्यास कराया। डॉ. रावत ने उपस्थित महिला रेलकर्मियों को लाफ्टर योगा के माध्यम से तनाव मुक्त रहने के सरल और प्रभावी उपाय साझा किए।

समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस समापन समारोह में अपर महाप्रबन्धक श्री अशोक माहेश्वरी, प्रमुख वित्त सलाहकार सुश्री गीतिका पांडे, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री प्रदीप कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती सीमा शर्मा और उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारीगण उपस्थित रहीं। इनके साथ ही मुख्यालय में कार्यरत कई अन्य महिला अधिकारी एवं महिला कर्मचारीगण भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story