विशेष अभियान 6.0 के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर मंडलों में रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों से सीधा संवाद किया गया। इस दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ रेल सुविधाओं, यात्रा के अनुभवों, सुझावों और समस्याओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने यात्रियों को रेल परिसर और ट्रेनों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया तथा प्राप्त शिकायतों और सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

रेलवे में स्वच्छता को बढ़ावा देने और रेल परिसरों तथा ट्रेनों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर, अजमेर, जोधपुर एवं बीकानेर मंडलों के स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित हुए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों और आमजन से सीधे बातचीत कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा रेल यात्रा से जुड़े उनके अनुभवों और समस्याओं पर फीडबैक लिया गया।

संवाद के दौरान यात्रियों से रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्वच्छ और स्वस्थ रेल वातावरण के निर्माण में प्रत्येक यात्री की सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। साथ ही, रेल सुविधाओं के संबंध में यात्रियों के सुझाव प्राप्त किए गए और यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली गई। प्राप्त फीडबैक की समीक्षा कर समस्याओं के समाधान और आवश्यक सुधार के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जयपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री जे.एस. लाकरा और जयपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री रवि जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने यात्रियों से बातचीत कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और रेल परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। जयपुर मंडल के कुल 37 स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अजमेर मंडल में 18 स्टेशनों पर यात्रियों से रेल यात्रा के अनुभवों, उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। अजमेर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने अजमेर एवं ब्यावर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने अजमेर से ब्यावर के बीच ट्रेन में यात्रा कर यात्रियों से फीडबैक भी लिया और सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनुराग त्रिपाठी ने यात्रियों और आमजन से बातचीत कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने रेल परिसर और ट्रेनों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। जोधपुर मंडल के कुल 18 स्टेशनों पर ये कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविल ने भाग लिया। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रमों से रेलवे और यात्रियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समस्याओं की पहचान करने और यात्री सुविधाओं में सुधार के प्रयासों को गति मिलेगी। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की सहभागिता से स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा का वातावरण सुनिश्चित करना है।

Next Story