उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक ने किया भीलड़ी-जोधपुर रेलखंड का निरीक्षण
महाप्रबंधक अमिताभ ने अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा की, नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन किया और उत्कृष्ट कार्य हेतु रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया।

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने गुरुवार, 16 अप्रैल 2025 को जोधपुर मंडल के अंतर्गत भीलड़ी–समदड़ी–लूणी–जोधपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण कर रेलवे की विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। महाप्रबंधक ने भीलड़ी से जोधपुर तक विंडोट्रेलिंग निरीक्षण के माध्यम से रेलखंड के संरक्षा एवं सुरक्षा मापदंडों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण की शुरुआत में ओढ़वा स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक ने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय सहित अन्य रेल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें रेल सुविधाओं के विस्तार हेतु ज्ञापन सौंपा। इसके पश्चात धनेरा स्टेशन पर श्री अमिताभ ने नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का विधिवत उद्घाटन किया और स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, प्रतीक्षालय एवं निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। यहां जनप्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक स्वागत करते हुए रेल सेवाओं से संबंधित अपनी मांगें प्रस्तुत कीं। इस दौरान महाप्रबंधक ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रेल परिसर में पौधारोपण भी किया।
निरीक्षण क्रम को आगे बढ़ाते हुए महाप्रबंधक अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे मारवाड़ भीनमाल स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का गहन निरीक्षण किया। स्टेशन पर आयोजित 'संरक्षा संवाद' के दौरान उन्होंने रेलकर्मियों से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षित रेल संचालन के लिए प्रोत्साहित किया और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। यहां भी उन्होंने नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन किया। इसके उपरांत महाप्रबंधक ने भीनमाल–लेदरमेर सेक्शन में निर्माणाधीन ब्रिज संख्या 72 के कार्यों की समीक्षा की और मोदरान स्टेशन के नवनिर्मित भवन एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया, जहां विभिन्न संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत कर मांग पत्र सौंपे गए।
जालौर स्टेशन पर अमृत भारत योजना के कार्यों का निरीक्षण करते हुए श्री अमिताभ ने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, प्रतीक्षालय एवं फुट ओवर ब्रिज (FOB) की सुविधाओं को जांचा और आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए। बालवाड़ा–मोकलसर सेक्शन में गेट संख्या सी-24 पर कार्यरत गेटमैन सुखराम की कार्यकुशलता से प्रभावित होकर महाप्रबंधक ने उन्हें 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही, गैंग नंबर 5 के कार्यों की सराहना करते हुए कर्मचारियों के लिए 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। अंत में समदड़ी स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर उन्होंने इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरे का समापन किया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक मदन देवड़ा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर जोगेंद्र सिंह, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक सीमा शर्मा, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक अतुल सक्सेना, प्रमुख मुख्य दूरसंचार इंजीनियर अनुराग गोयल, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. के. कृष्ण कुमार, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी संतराम मीणा, मुख्य कार्मिक अधिकारी विनोद कुमार, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
