उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने संरक्षा समीक्षा बैठक में यात्री सुविधाओं, कवच, स्वच्छता, ट्रैक सुरक्षा और निर्माण कार्यों को लेकर अहम निर्देश दिए।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार, 07 जुलाई 2026 को महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रधान कार्यालय में हुई इस बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में संरक्षा, यात्री सुविधाओं, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, इंफ्रास्ट्रक्चर, कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग तथा आय बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि संरक्षा और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता में रखते हुए सभी कार्यों को आपसी सामंजस्य और समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए और कवच प्रणाली से संबंधित कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

महाप्रबंधक ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों के निष्पादन में गति लाई जाए तथा संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक कार्य सतर्कता और सजगता के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

मानसून के मद्देनजर श्री पंकज शर्मा ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विद्युत एवं संकेत उपकरणों पर विशेष निगरानी रखने तथा उनका समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, ताकि रेल संचालन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।

बैठक में उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने, संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य निष्पादन पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि रेल उपभोक्ताओं को समयानुसार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story