रेलवे पेंशनर्स के लिए बड़ी सुविधा, 5 नवंबर को उत्तर पश्चिम रेलवे के 50 स्थानों पर लगेंगे मेगा कैंप
रेलवे पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए 50 स्टेशनों पर शिविर आयोजित कर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में सहायता दी जाएगी।

रेलवे पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने के लिए अब सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से 5 नवंबर 2026 को रेलवे के 50 स्टेशनों और विभिन्न निर्धारित स्थानों पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC 5.0) अभियान के तहत मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनर्स को प्रमाणपत्र जमा कराने की प्रक्रिया में सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, इन मेगा कैंपों का मुख्य उद्देश्य रेलवे पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराना और पूरी प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं परेशानी रहित बनाना है। शिविरों में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे।
ये मेगा कैंप रेलवे मुख्यालय, जवाहर सर्किल, जयपुर, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जयपुर एवं बीकानेर, केंद्रीय रेलवे अस्पताल, जयपुर, रेलवे अस्पताल, अजमेर तथा गांधीनगर रेलवे स्टेशन, जयपुर में आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त अजमेर, बीकानेर, हिसार, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, चूरू, रेवाड़ी, भिवानी, भीलवाड़ा, आबू रोड, सादुलपुर, रतनगढ़, लोहारू, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, सिरसा, बांदीकुई, लालगढ़, सरदारशहर, नोखा, कोलायत एवं ओसियां सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्थानों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने समस्त रेलवे पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स से इन शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। पेंशनर्स अपने नजदीकी निर्धारित मेगा कैंप स्थल पर पहुंचकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवा सकेंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे का कहना है कि वह अपने पेंशनर्स को बेहतर, सुगम एवं डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। DLC 5.0 अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत 5 नवंबर को 50 स्थानों पर एक साथ मेगा कैंप आयोजित कर पेंशनर्स को डिजिटल प्रमाणपत्र जमा कराने की सुविधा दी जाएगी।

