उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर में निर्णय निर्माण कार्यशाला का आयोजन
अधिकारियों के बौद्धिक एवं प्रशासनिक कौशल विकास हेतु पूर्व नियंत्रक भंडार श्री रघुनंदन प्रसाद ने भावनात्मक बुद्धिमत्ता और नेतृत्व क्षमता पर मार्गदर्शन दिया।

जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित कार्यशाला के दौरान मंच पर आसीन अपर महाप्रबन्धक श्री अशोक माहेश्वरी (बाएं) और महाप्रबन्धक श्री अमिताभ (दाएं)।
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में प्रशासनिक दक्षता और बौद्धिक कौशल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से बुधवार, 13 मई 2026 को “निर्णय निर्माण – व्यक्तिपरक पहलुओं की पड़ताल” विषय पर एक उच्च स्तरीय कार्यशाला संपन्न हुई। रेलवे अधिकारियों की निर्णय क्षमता को अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के लिए आयोजित इस सत्र में जटिल प्रशासनिक चुनौतियों और उनके मानवीय समाधानों पर विस्तृत मंथन किया गया।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि इस बौद्धिक विमर्श के मुख्य वक्ता मध्य रेलवे के पूर्व नियंत्रक भंडार श्री रघुनंदन प्रसाद रहे। उन्होंने अपने सुदीर्घ अनुभव और विशेषज्ञता को साझा करते हुए अधिकारियों को सिखाया कि किस प्रकार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संतुलित सोच के साथ प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं। कार्यशाला के दौरान प्रशासनिक कार्यों में मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने के साथ-साथ व्यक्तिगत अनुभव, भावनात्मक बुद्धिमत्ता (इमोशनल इंटेलिजेंस), परिस्थितिजन्य विश्लेषण और नेतृत्व क्षमता जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने बदलते कार्य परिवेश में सकारात्मक नेतृत्व शैली और सटीक निर्णय प्रक्रिया को संगठन की सफलता का मूलमंत्र बताया। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता श्री रघुनन्दन प्रसाद द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों और नेतृत्व शैली को कार्यप्रणाली में आत्मसात करने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी सहित सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने रेलवे के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प को दोहराया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
