NWR ने 3 जोड़ी ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशनों में किया स्थाई बदलाव
उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल संचालन को सुगम बनाने के लिए जोधपुर और भगत की कोठी स्टेशनों के बीच 3 जोड़ी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों के टर्मिनलों को स्थाई रूप से बदला।

रेलवे प्रशासन द्वारा पूर्व में अस्थाई रूप से परिवर्तित की गई 03 जोड़ी रेलसेवाओं के टर्मिनल स्टेशनों में अब स्थाई परिवर्तन कर दिया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार यह निर्णय रेल संचालन व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। अब ये परिवर्तन स्थाई रूप से प्रभावी रहेंगे, जिससे संबंधित मार्गों पर परिचालन व्यवस्था में नई संरचना लागू हो गई है।
घोषणा के अनुसार गाड़ी संख्या 22991 वलसाड–जोधपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस रेलसेवा, जो दिनांक 02.06.26 से वलसाड से प्रस्थान करेगी, अब जोधपुर के स्थान पर भगत की कोठी स्टेशन पर प्रातः 08.00 बजे आगमन करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 22992 जोधपुर–वलसाड साप्ताहिक एक्सप्रेस रेलसेवा, जो दिनांक 03.06.26 से प्रभावी होगी, अब जोधपुर के स्थान पर भगत की कोठी से रात्रि 19.30 बजे वलसाड के लिए प्रस्थान करेगी।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 22673 भगत की कोठी–मन्नारगुडी साप्ताहिक एक्सप्रेस रेलसेवा, जो दिनांक 04.06.26 से लागू होगी, अब भगत की कोठी के स्थान पर जोधपुर से सायं 16.50 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं गाड़ी संख्या 22674 मन्नारगुडी–भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस रेलसेवा, जो दिनांक 01.06.26 से मन्नारगुडी से प्रस्थान करेगी, अब भगत की कोठी के स्थान पर जोधपुर स्टेशन पर प्रातः 14.30 बजे आगमन करेगी।
इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 20481 जोधपुर–तिरूच्चिरापल्लि साप्ताहिक रेलसेवा, जो दिनांक 03.06.26 से संचालित होगी, अब भगत की कोठी के स्थान पर जोधपुर से ही सायं 16.50 बजे प्रस्थान करेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 20482 तिरूच्चिरापल्लि–जोधपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस रेलसेवा, जो दिनांक 30.05.26 से तिरूच्चिरापल्लि से प्रस्थान करेगी, अब भगत की कोठी के स्थान पर जोधपुर स्टेशन पर प्रातः 06.00 बजे आगमन करेगी।
रेलवे द्वारा किए गए इस स्थाई परिवर्तन से यात्रियों को नई परिचालन व्यवस्था के अनुरूप यात्रा सुविधा प्राप्त होगी तथा टर्मिनल संचालन अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
