राजस्थान: अजमेर मंडल में तकनीकी कार्य से कई ट्रेनें रद्द, देखें शेड्यूल
राणा प्रताप नगर-मावली जंक्शन यार्ड में मरम्मत के कारण उदयपुर-मंदसौर ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जबकि चित्तौड़गढ़-असारवा मार्ग पर देरी होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में राणा प्रताप नगर-मावली जंक्शन यार्ड में चल रहे तकनीकी कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। कार्य के कारण मंदसौर-उदयपुर सिटी रेल सेवा संख्या 59835 और उदयपुर सिटी-मंदसौर रेल सेवा संख्या 59836 को अलग-अलग अवधि में आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि चित्तौड़गढ़-असारवा रेल सेवा संख्या 69244 को मार्ग में 20 से 25 मिनट तक रेगुलेट किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार तकनीकी कार्य के कारण रेल सेवाओं में ये बदलाव किए गए हैं। गाड़ी संख्या 59835 मंदसौर-उदयपुर सिटी रेल सेवा 26 सितंबर 2026 से 03 अक्टूबर 2026 तक मंदसौर से रवाना होकर राणा प्रताप नगर तक ही संचालित होगी। इस अवधि में राणा प्रताप नगर-उदयपुर सिटी के बीच रेल सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 59836 उदयपुर सिटी-मंदसौर रेल सेवा 26 सितंबर 2026 से 03 अक्टूबर 2026 तक उदयपुर सिटी के बजाय राणा प्रताप नगर से संचालित होगी। इसके चलते उदयपुर सिटी-राणा प्रताप नगर के बीच यह रेल सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
इससे पहले गाड़ी संख्या 59835 मंदसौर-उदयपुर सिटी रेल सेवा 15 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक मंदसौर से प्रस्थान कर मावली जंक्शन तक ही संचालित होगी। इस दौरान मावली जंक्शन-उदयपुर सिटी के बीच सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
गाड़ी संख्या 59836 उदयपुर सिटी-मंदसौर रेल सेवा 15 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक उदयपुर सिटी के स्थान पर मावली जंक्शन से प्रस्थान करेगी। इस अवधि में उदयपुर सिटी-मावली जंक्शन के बीच रेल सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
तकनीकी कार्य के चलते गाड़ी संख्या 69244 चित्तौड़गढ़-असारवा रेल सेवा भी अलग-अलग अवधि में मार्ग में रेगुलेट रहेगी। यह रेल सेवा 17 सितंबर 2026 तक चित्तौड़गढ़ से प्रस्थान करने पर कपासन-भीमल के मध्य 25 मिनट रेगुलेट रहेगी।
18 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक चित्तौड़गढ़ से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 69244 चित्तौड़गढ़-असारवा रेल सेवा कपासन-मावली जंक्शन के मध्य 25 मिनट रेगुलेट रहेगी।
वहीं, 26 सितंबर 2026 से 03 अक्टूबर 2026 तक चित्तौड़गढ़ से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 69244 चित्तौड़गढ़-असारवा रेल सेवा घोसुंडा-फतेहनगर के मध्य 20 मिनट रेगुलेट रहेगी। राणा प्रताप नगर-मावली जंक्शन यार्ड में तकनीकी कार्य के चलते तय अवधि में इन रेल सेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
