उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में सेवा संकल्प के कार्यान्वयन हेतु बैठक आयोजित
महाप्रबंधक श्री अमिताभ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में रेलवे कार्यों को अधिक पारदर्शी, सक्षम और नागरिक केंद्रित बनाने का संकल्प लिया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय जयपुर में सोमवार को महाप्रबंधक श्री अमिताभ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान अधिकारी 'सेवा संकल्प' का वाचन करते हुए।
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में सोमवार दिनांक 02.03.2026 को नए प्रधानमंत्री कार्यालय "सेवा तीर्थ" में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा पारित सेवा संकल्प के कार्यान्वयन के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी कार्यों को अधिक पारदर्शी, अधिक सक्षम और अधिक नागरिक केंद्रित बनाने का संकल्प लिया गया।
सेवा संकल्प का वाचन और नैतिक प्रतिबद्धता
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक श्री अमिताभ की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस आयोजन में नए प्रधानमंत्री कार्यालय "सेवा तीर्थ" में प्रथम कैबिनेट मीटिंग में पारित सेवा संकल्प का वाचन किया गया तथा इस संकल्प के कार्यान्वयन के लिए नैतिक प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति को दोहराया गया। सेवा संकल्प का वाचन मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) श्री विनोद कुमार द्वारा किया गया।
महाप्रबंधक श्री अमिताभ का संबोधन
महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने अपने उद्बोधन में कहा कि "यह संकल्प अत्याधिक प्रेरणादायक है। यह संकल्प 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की रूपरेखा बताता है। संसाधनों को किस तरह उपयोग करना है यह भी इस संकल्प में बताया गया है। इस संकल्प को सुनने के बाद बहुत अच्छी भावना आती है। देश का नागरिक होने का अपना उत्तरदायित्व समझ में आता है। जो जिम्मेदारियां भारत सरकार ने हमें सौंपी है उन उत्तरदायित्वों को अच्छे से निभाना है। उत्तरदायित्वों को निभाते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना है इस बारे में इसमें अच्छे से लिखा गया।"
उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि "हम सभी भारत सरकार के कर्मचारी हैं। हमें ध्यान में रखना है कि जो भी संसाधन है उनके उपयोग से रेलवे को क्या फायदा होगा। कैसे इससे रेलवे राजस्व बढ़ेगा। इससे कैसे पैसेंजर्स को फायदा होगा। हम जो भी काम करेंगे वह जनता के लिए होगा, कस्टमर के लिए होगा ये संकल्प हमे लेना है।"
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति और क्षेत्रीय विस्तार
इस महत्वपूर्ण बैठक में महाप्रबंधक के साथ श्री अशोक माहेश्वरी अपर महाप्रबंधक, श्री पी.के. सिंह प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी, सभी विभागाध्यक्ष एवं उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के कई अधिकारी उपस्थित रहे। सेवा संकल्प के कार्यान्वयन के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों एवं कार्यशालाओं पर भी सेवा संकल्प का वाचन तथा परिचर्चा का आयोजन किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
