उत्तर पश्चिम रेलवे: महाप्रबंधक ने की संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक
जयपुर मुख्यालय में महाप्रबंधक अमिताभ ने रेलवे अधिकारियों के साथ संरक्षा, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की।

जयपुर स्थित मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान महाप्रबंधक श्री अमिताभ उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को संबोधित करते हुए।
जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में बुधवार, दिनांक 06.05.2026 को संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने की, जिसमें संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबन्धक (वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से) एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण सम्मिलित हुए।
बैठक के दौरान संरक्षा, कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग, समपार फाटकों को बंद करने, यात्री सुविधाओं तथा आय वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने कहा कि इस वित्त वर्ष में अब तक उत्तर पश्चिम रेलवे का कार्य निष्पादन उत्कृष्ट रहा है और सभी कार्यों को सामंजस्य एवं समन्वय के साथ लक्ष्यानुसार पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्री अमिताभ ने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता और सजगता के साथ कार्य करने तथा सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए ट्रैक पेट्रोलिंग के साथ-साथ विद्युत एवं संकेत उपकरणों पर विशेष निगरानी रखने तथा समुचित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।
महाप्रबंधक ने सभी विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने तथा संरक्षित रेल संचालन हेतु अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग करते हुए संरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सजग कार्य करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। अजमेर मंडल के लोको पायलट-गुड्स श्री मुकेश कुमार सी ने 01.04.2026 को हटूंडी स्टेशन पर सिग्नल फेल होने की स्थिति में ट्रेन संख्या 20989 को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर संभावित गंभीर दुर्घटना टाल दी।
जोधपुर मंडल के लोको पायलट श्री दिनेश मेघवाल ने 03.03.2026 को डीएफसी सेक्शन में ट्रेन संख्या सीपीएफएस आइसीडीके के न्यू स्वरूप गंज साइडिंग में जीडीआर बनाने के दौरान वैगन के अनफिट फॉर रन होने की सूचना देकर उसे गाड़ी से अलग करवाया और संभावित दुर्घटना को रोका।
बीकानेर मंडल के ट्रैकमेन्टेनर श्री सुमेर सिंह (हनुमानगढ़) ने 04.05.2026 को किमी 133/518-76 पर रंगमहल-सूरतगढ़ के मध्य एसईजे टंग रेल में फ्रैक्चर की पहचान कर तत्काल ट्रैक को सुरक्षित किया तथा एसएसई/पीवे, पीलीबंगा को सूचना दी। इसी प्रकार चूरू के सहायक (एस एण्ड टी) श्री मुबारक अली ने 06.04.2026 को साइट निरीक्षण के दौरान रेल फ्रैक्चर की सूचना संबंधित अधिकारियों को देकर संभावित गंभीर दुर्घटना को टाल दिया।
महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को कार्य निष्पादन निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर रेल उपभोक्ताओं को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित कार्यों के निष्पादन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे उत्तर पश्चिम रेलवे की संरक्षा एवं सेवा गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ हो सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
