उत्तर-पश्चिम रेलवे आरपीएफ ने मार्च में बचाई 4 यात्रियों की जान, जब्त किया लाखों का ड्रग्स
आरपीएफ ने 'सेवा ही संकल्प' के तहत नन्हे फरिश्ते अभियान में 36 बच्चों को रेस्क्यू किया और ऑपरेशन नारकोस में 22 लाख रुपये से अधिक का नशा पकड़ा।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर मार्च 2026 के दौरान ऑपरेशन सतर्क और नन्हे फरिश्ते के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाता आरपीएफ दस्ता।
उत्तर-पश्चिम रेलवे पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा “सेवा ही संकल्प” के तहत माह मार्च 2026 में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा रेल यात्रियों, रेलवे परिसरों एवं बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु उल्लेखनीय कार्य किए गए। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री ज्योति कुमार सतीजा के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा उत्तर पश्चिम रेलवे पर माह मार्च 2026 में विभिन्न उत्कृष्ट कार्य किए गए हैं तथा वर्ष 2026 में अब तक आरपीएफ द्वारा कुल 927 उत्कृष्ट कार्य संपादित किए जा चुके हैं।
ऑपरेशन नारकोस और सतर्क के तहत बड़ी सफलताएं
रेलवे सुरक्षा बल ने "ऑपरेशन नारकोस" के तहत लाखों रुपये का अफीम, चरस व डोडा चूरा पकड़ा है। टीम रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नारकोस के तहत उपरे क्षेत्राधिकार में माह मार्च में कुल 05 मामले डिटेक्ट कर 22.56 किलोग्राम डोडा चूरा, 1.496 किलोग्राम अफीम व 0.994 किलोग्राम चरस, जिसकी कीमत 22 लाख 39 हजार 460 रूपये है, के साथ 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्यवाही हेतु संबंधित राजकीय रेलवे पुलिस अथवा सिविल पुलिस को सुपुर्द किया गया। इसी क्रम में आरपीएफ ने "ऑपरेशन सतर्क" के तहत लाखों रुपये की शराब पकड़ी है। रेलवे सुरक्षा बल ने उत्तर-पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में माह मार्च में "ऑपरेशन सतर्क" के तहत अलग-अलग सवारी गाड़ियों और रेलवे स्टेशनों पर गहन चेकिंग के दौरान अवैध शराब तस्करी के 21 मामले डिटेक्ट कर कुल 05 लाख 83 हजार 501 रुपये की अवैध शराब के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्यवाही हेतु संबंधित राजकीय रेलवे पुलिस, आबकारी विभाग या कस्टम विभाग को सुपुर्द किया। इसके अतिरिक्त 01 मामले में 20.500 किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत 41 लाख रूपये है, के साथ एक व्यक्ति को पकड़कर मय जब्ती अग्रिम कानूनी कार्यवाही हेतु कस्टम विभाग जयपुर को सुपुर्द किया गया।
ऑपरेशन जीवन रक्षा और नन्हे फरिश्ते अभियान
आरपीएफ ने "ऑपरेशन जीवन रक्षा" के तहत 04 यात्रियों की जान बचाकर अमूल्य योगदान दिया है। टीम रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत उपरे क्षेत्राधिकार में माह मार्च में 03 पुरुष एवं 01 महिला यात्री द्वारा चलती गाड़ी में चढ़ने व उतरने के प्रयास में पैर फिसलने पर प्लेटफार्म व ट्रेन के साथ घिसटने के दौरान रेलवे सुरक्षा बल स्टाफ द्वारा तत्परता व सूझबूझ से अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रियों की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया। इसके साथ ही परिवार से बिछड़े हुए बच्चों को रेस्क्यू कर उनके परिजनों को खुशी की सौगात दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल उत्तर-पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में माह मार्च में 36 नाबालिग बालक व बालिकाएं, जो अपने परिवार से बिछड़ कर अथवा घर से बिना बताए भाग कर आए थे, को सकुशल उनके परिजनों को चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से सुपुर्द कर प्रशंसनीय कार्य किया। "नन्हे फरिश्ते अभियान, जो कि बच्चों की सुरक्षा और कल्याण के लिए समर्पित है, ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा बल की मानवीयता और समर्पण को प्रदर्शित किया है।" रेलवे सुरक्षा बल सभी से अपील करता है कि "ट्रेनों और स्टेशनों पर बच्चों की सुरक्षा से संबंधित संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा को दें।"
अपराधियों पर नकेल और यात्रियों की सुरक्षा
रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत अपनी ड्यूटी के दौरान सतर्क रहते हुए अपराधियों में भय व रेल यात्रियों में विश्वास जगाया है। उत्तर-पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में माह मार्च में अलग-अलग सवारी गाड़ियों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ में जेबतराशी या चोरी का प्रयास कर रहे 24 मामलों में कुल 26 आरोपियों को रेलवे सुरक्षा बल अपराध रोकथाम टीम द्वारा पकड़कर कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित राजकीय रेलवे पुलिस को सुपुर्द किया, जहां पर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। आरपीएफ ने अवैध टिकट दलालों पर भी कानून का शिकंजा कसा है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में माह मार्च में अवैध टिकट दलालों पर कानूनी कार्रवाई करते हुए 08 मामलों में कुल 07 आरोपियों को अवैध टिकट दलाली करते हुए पकड़ा, जिनसे 39 लाइव ई-रेल टिकट जिनकी कीमत 2,21,012 रुपये है तथा 292 यात्रा की टिकट जिनकी कीमत 4,47,671 रुपये है, को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत कानूनी कार्यवाही अमल में लाई गई।
मानवता और सेवा की मिसाल
असहाय व्यक्तियों को आरपीएफ का सहारा मिला है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन डिग्निटी के तहत अपनी ड्यूटी के दौरान मानवता का परिचय देते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे में माह मार्च में विभिन्न सवारी गाड़ियों व रेलवे स्टेशनों पर मानसिक, विक्षिप्त एवं बीमार 13 पुरुष व 10 महिलाओं सहित कुल 23 व्यक्तियों को अपना घर आश्रम तक पहुंचाया। इसके अलावा ट्रेन या रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के भूलवश छूटे हुए सामान को लौटाकर आरपीएफ अमूल्य सेवक बनी है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अपनी ड्यूटी के दौरान सहयोग की भावना का परिचय देते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में माह मार्च में विभिन्न रेलवे स्टेशनों और सवारी गाड़ियों में यात्रारत कुल 190 यात्रियों के लगभग 52 लाख 15 हजार रूपये की कीमत के भूलवश छूटे यात्री सामानों को सही सलामत यात्रियों को सुपुर्द किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
