उत्तर पश्चिम रेलवे ने ट्रेनों की समयपालनता में रचा नया रिकॉर्ड, 94.46 प्रतिशत के साथ देशभर में हासिल किया प्रथम स्थान
उत्तर पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 94.46 प्रतिशत समयपालनता के साथ भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान हासिल किया। जानिए इस उपलब्धि के पीछे की वजह।

तस्वीर में रेलवे ट्रैक पर आगे बढ़ती हुई एक लाल और धूसर रंग की मेल/एक्सप्रेस ट्रेन दिखाई दे रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल परिचालन क्षमता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता के मामले में 94.46 प्रतिशत के साथ भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्राप्त हुई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक उत्तर पश्चिम रेलवे 94.46 प्रतिशत समयपालनता के साथ भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि उल्लेखनीय है कि विगत वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता के मामले में उत्तर पश्चिम रेलवे दूसरे स्थान पर था। इस वर्ष प्रथम स्थान प्राप्त करना उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, कुशल कार्यप्रणाली तथा बेहतर समन्वय का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर परिचालन विभाग के साथ-साथ इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, सुरक्षा, वाणिज्य तथा अन्य सभी विभागों के बेहतर समन्वय, प्रभावी योजना, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और कर्मचारियों की निरंतर प्रतिबद्धता के कारण ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं समयबद्ध सुनिश्चित किया जा सका। इसी समन्वित कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार, परिचालन क्षमता में वृद्धि तथा समयपालन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की दिशा में निरंतर कार्य जारी रखा जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
