जयपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय, जगतपुरा में 15 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रेलकर्मियों के नाम महाप्रबंधक का संदेश प्रमुख आकर्षण होंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा परेड के माध्यम से सलामी दी जाएगी। इसके बाद महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा रेलकर्मियों के नाम अपना संदेश पढ़ेंगे। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर 15 अगस्त को शाम 4 बजे जयपुर के पत्रिका गेट, जवाहर सर्किल पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बैंड शो आयोजित किया जाएगा। बैंड शो के दौरान देशभक्ति की धुनों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, अजमेर और जैसलमेर सहित कार्यालय भवनों को तीन रंगों की आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाते रेलवे स्टेशन और रेलवे कार्यालय भवन आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं और देशवासियों तथा रेल यात्रियों में देशभक्ति का संचार कर रहे हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story