उत्तर पश्चिम रेलवे ने होली पर 55 लाख यात्रियों को मंजिल तक पहुँचाया
रेलवे ने 295 स्पेशल ट्रेनों और 141 अतिरिक्त डिब्बों के माध्यम से भीड़ का प्रबंधन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की।

जयपुर में उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा होली के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए तैनात आरपीएफ और सुरक्षा बल।
जयपुर: होली के पावन पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा व्यापक प्रबंधन किए गए, जिसके सुखद परिणाम सामने आए हैं। 21 फरवरी से 2 मार्च तक की अवधि में लगभग 55 लाख यात्रियों को सुगमता से उनके गंतव्य तक पहुँचाया गया। रिकॉर्ड स्पेशल ट्रेनों का संचालन, बेहतर भीड़ प्रबंधन, पर्याप्त सुरक्षाकर्मी और नियमित मॉनिटरिंग के चलते आमजन का सफर बेहद सुगम रहा। उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को संरक्षित और सुगम यात्रा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आए। इन संगठित प्रयासों के फलस्वरूप क्षेत्राधिकार से अपने गृह नगरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और परेशानी-मुक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध हो रही है।
विशेष ट्रेनों का संचालन और विस्तारित सेवाएं
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार — "रेलवे द्वारा होली पर्व के अवसर पर विभिन्न मार्गों पर यात्री भार की समीक्षा कर यात्रियों को सुगम रेल यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।" उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में होली के लिए 295 ट्रिप नई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अधिसूचना जारी की गई है। यह ट्रेनें विभिन्न गंतव्यों जैसे गोरखपुर, समस्तीपुर, योगनगरी ऋषिकेश, अमृतसर, मैसूरू, काकिनाडा, गोमतीनगर, भावनगर टर्मिनस, हावड़ा, तिरूपति, मऊ, साबरमती, दानापुर, आसनसोल, चैन्नई एग्मोर, वडोदरा और कोलकाता के लिए संचालित की जा रही हैं।
होली पर्व से ठीक पूर्व के सप्ताह में 54 ट्रिप नई स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई हैं, जो मुख्य रूप से गोरखपुर, मैसरू, काकिनाडा, भावनगर टर्मिनस, हावड़ा, तिरूपति, दानापुर, कोलकाता, साबरमती और असारवा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों की ओर भेजी गईं। इस दौरान क्षेत्राधिकार से 55 लाख से अधिक यात्रियों ने सुगमता से यात्रा की, जिसमें उल्लेखनीय तथ्य यह है कि केवल 1 और 2 मार्च को ही लगभग 11 लाख यात्रियों ने यात्रा की और 21 ट्रिप नई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके साथ ही, उत्तर पश्चिम रेलवे पर 30 स्पेशल ट्रेनों के 216 ट्रिप की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है।
अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था और स्टेशन प्रबंधन
मार्च माह में अतिरिक्त यात्री भार की स्थिति को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 53 नियमित ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 141 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं। होली के त्यौहार पर भीड़ प्रबंधन हेतु प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, जिससे प्रभावी तरीके से स्टेशनों और ट्रेनों में अधिक यात्रियों को संभाला गया। बड़े और प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया तथा बैरिकेट्स लगाकर प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं टिकट चैकिंग कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशनों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। स्पेशल ट्रेनों के संबंध में लगातार उद्घोषणा की जा रही है और इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से ट्रेन संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। एटीवीएम और रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट खरीद को प्रोत्साहित करने हेतु व्यापक प्रचार एवं जागरूकता अभियान भी चलाया गया है।
सुरक्षा एवं निरंतर मॉनिटरिंग व्यवस्था
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। स्पेशल ट्रेनों का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है ताकि यात्रियों को समय पर जानकारी मिल सके। इन ट्रेनों के समय पर संचालन को सुनिश्चित करने हेतु निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। मुख्यालय स्तर एवं मंडल स्तर पर उच्च अधिकारियों द्वारा नियमित तौर पर निगरानी की जा रही है। स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण रखने के लिए सभी विभागों के समन्वय से चौबीसों घंटे वॉर रूम कार्य कर रहे हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी तैनात किए गए हैं जो यात्रियों का पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गहन निगरानी रखी जा रही है तथा कंट्रोल रूम से भी इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
