उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के प्रधान कार्यालय में गुरुवार, 25 जून 2026 को महाप्रबंधक श्री अमिताभ की अध्यक्षता में चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों की उपस्थिति में कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संरक्षा, कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग, समपार फाटकों को बंद करने, यात्री सुविधाओं तथा आय बढ़ाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार बैठक में रेलवे की प्रगति और आगामी कार्यों की समीक्षा करते हुए महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के प्रथम दो माह में उत्तर पश्चिम रेलवे का कार्य निष्पादन उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने सामंजस्य और समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी योजनाओं और परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूरा करने पर बल दिया। साथ ही निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों से सतर्कता और सजगता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने अपने-अपने मंडलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। समीक्षा के दौरान अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों, नई रेल लाइनों के निर्माण, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, स्टेशनों के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा संरक्षा से संबंधित प्रमुख मदों जैसे रोड ओवर ब्रिज, रोड अंडर ब्रिज और सिग्नल कार्यों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

स्टेशन पुनर्विकास परियोजनाओं के बाद उपलब्ध होने वाले वाणिज्यिक स्थानों को लीज पर देने की प्रक्रिया निर्धारित करने तथा गैर किराया राजस्व बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सेफ्टी फेंसिंग की प्रगति, समपार फाटकों को बंद करने और उनसे जुड़े अप्रोच रोड के सुधार कार्यों की समीक्षा की गई।

यातायात सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए नए मेगा टर्मिनल, कोचिंग टर्मिनल, पिट लाइन और प्लेटफॉर्म से संबंधित परियोजनाओं के लिए डीपीआर तथा मास्टर प्लान पर भी चर्चा की गई। बैठक के दौरान विभिन्न परियोजनाओं के निष्पादन में तेजी लाने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल नेटवर्क को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक के समापन पर महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि रेल उपभोक्ताओं को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।

बैठक में अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी, प्रमुख विभागाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह समीक्षा बैठक उत्तर पश्चिम रेलवे में संरक्षा, अधोसंरचना विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और राजस्व वृद्धि की दिशा में भविष्य की कार्ययोजना तय करने के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story