त्योहारों पर उत्तर पश्चिम रेलवे की बड़ी तैयारी, 129 स्पेशल ट्रेनों के 961 ट्रिप से सफर आसान
रेलवे ने भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया और 24x7 वॉर रूम बनाए हैं, जबकि 50 ट्रेनों में 140 अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं।

रेलवे स्टेशन पर सूखे कचरे के निपटारे के लिए रखा नीला रीसाइक्लिंग डस्टबिन दिख रहा है।
त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ते यात्रीभार के बीच उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। बेहतर प्रबंधन, पहले से की गई तैयारियों, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और लगातार निगरानी के चलते प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को ट्रेन में सफर करने में सुविधा मिल रही है। यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने से लेकर ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाने तक कई स्तरों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर यात्रीभार को देखते हुए होल्डिंग एरिया स्थापित किए हैं। यहां से यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसर पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रमुख स्टेशनों पर निगरानी की जिम्मेदारी अधिकारियों को भी सौंपी गई है।
यात्रियों की आवाजाही और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए रेलवे मुख्यालय और सभी मंडलों में 24x7 वॉर रूम स्थापित किए गए हैं। ये वॉर रूम सभी परिस्थितियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं और यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए 129 स्पेशल ट्रेनों के 961 ट्रिप संचालित कर रहा है। इसके अलावा 50 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 140 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त सुविधा मिल रही है।
रेलवे प्रशासन यात्री मांग की लगातार समीक्षा कर रहा है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के लिए भी रेलवे पूरी तरह तैयार है। बेहतर प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम, 24x7 निगरानी और अतिरिक्त रेल सेवाओं के माध्यम से उत्तर पश्चिम रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

