विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है। 15 मई से 05 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य ‘मदर अर्थ’ यानी धरती माता के समक्ष बढ़ती चुनौतियों के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व को मजबूत करना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल व्यक्ति विशेष की जिम्मेदारी नहीं रह गया है, बल्कि यह सामूहिक दायित्व बन चुका है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन प्रदान किया जा सके। रेलवे प्रशासन ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार सकारात्मक कदम उठा रहा है। इसके तहत परंपरागत संसाधनों के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे प्रदूषण मुक्त पर्यावरण की मुहिम को गति देने के साथ राजस्व बचत की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि ‘विश्व पर्यावरण दिवस 2026’ के अवसर पर 15 मई से 05 जून 2026 तक मंडलों और विभिन्न यूनिटों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर रेल यात्रियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग करने के प्रयास किए जाएंगे।

अभियान के तहत आमजन को जागरूक करने के लिए स्काउट एवं गाइड द्वारा जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी और नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय, मंडलों एवं कार्यशालाओं में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण तथा ‘मिशन लाइफ’ के सिद्धांतों पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे का यह अभियान केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक व्यापक पहल माना जा रहा है, जिसमें रेलवे प्रशासन के साथ आमजन और रेल यात्रियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story