उत्तर पश्चिम रेलवे को मिला 10228 करोड़ का बजट, 2026-27 तक 350 KM ट्रैक का लक्ष्य
भारतीय रेलवे ने उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है, जिससे राजस्थान में नई लाइनों, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन परियोजनाओं में तेजी आएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अंतर्गत राजस्थान में चल रही नई रेल लाइन और दोहरीकरण परियोजनाओं के निर्माण कार्य का एक दृश्य, जिसके लिए बजट में 10,228 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
वर्ष 2025-26 में रेलवे के इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्यों के लिए पर्याप्त बजट प्रदान किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेल विकास के लिए अनेक कार्य प्रगति पर है। नई लाइन, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। क्षमता बढोतरी के लिए कार्य त्वरित गति के साथ निष्पादित किए जा रहे हैं।
निर्माण परियोजनाओं की प्रगति और लक्ष्य
- उत्तर पश्चिम रेलवे में वर्ष 2024-25 में 70 किलोमीटर निर्माण परियोजनाओं को पूरा किया गया।
- इस वर्ष अभी तक 94 किलोमीटर नई लाइन एवं दोहरीकरण के कार्य पूरे किए गए है तथा मार्च 2026 तक 29 किलोमीटर का कार्य और पूर्ण कर लिया जायेगा।
- वर्ष 2026-27 में 350 किलोमीटर से अधिक नई लाइन, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन के कार्य पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ऐतिहासिक बजट आवंटन
"इस वर्ष 2026-27 में रेलवे को अभी तक का सबसे अधिक रिकार्ड 2.78 लाख करोड़ रूपए के बजट का प्रावधान किया गया है।"
राजस्थान के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में पहली बार 10 हजार करोड़ रूपए से अधिक 10228 करोड़ रूपए प्रदान किए गए है। उत्तर पश्चिम रेलवे के निर्माण परियोजनाओं की प्रगति में निधि के कारण कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी। सभी कार्य सुगमता से प्रगति करेंगे।
प्रगतिरत एवं प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाएं
उत्तर पश्चिम रेलवे में निम्नलिखित कार्य विभिन्न चरणों में हैं:
1. प्रगतिरत कार्य (लगभग 1500 किलोमीटर से अधिक):
- जयपुर-सवाई माधोपुर दोहरीकरण
- आरडीएसओ डेडीकेटेड टेस्ट ट्रैक
- तरंगा हिल-आबु रोड़ नई लाईन
2. स्वीकृति के विभिन्न चरणों में कार्य (1500 किलोमीटर से अधिक):
- अनुपगढ़-बीकानेर नई लाईन
- रास-बिलाड़ा नई लाईन
- बठिंडा-हनुमानगढ़-सुरतगढ़-बीकानेर दोहरीकरण
3. सर्वे के अधीन कार्य (2000 किलोमीटर से अधिक):
- बीकानेर बाईपास
- खाटू श्यामजी-सालासर-सुजानगढ़ नई लाईन
- देवगढ़-मदारिया-मारवाड़ सहित नई लाइन व दोहरीकरण

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
