उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस वर्ष अप्रैल से अगस्त तक करीब 8.22 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में यात्रियों की संख्या में 5.29 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे नई ट्रेनों का संचालन, ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी तथा त्योहारों और विशेष अवसरों पर विशेष रेलसेवाओं का संचालन कर रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, अप्रैल से अगस्त तक यात्री परिवहन से उत्तर पश्चिम रेलवे को 1,647.60 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। पिछले वर्ष की इसी अवधि में यात्री परिवहन से 1,493.18 करोड़ रुपये की आय हुई थी। इस तरह आय में 10.34 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इसी प्रकार केवल अगस्त माह में करीब 1.70 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। अगस्त में यात्री परिवहन से उत्तर पश्चिम रेलवे को 343 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 2.40 प्रतिशत अधिक है।

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक, आरामदायक और समयबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध कराने के साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मांग के अनुरूप नई ट्रेनों के संचालन, ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी और विशेष रेलसेवाओं के संचालन से यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

Next Story