उत्तर पश्चिम रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, दिलाई शपथ
महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत अधिकारियों को ईमानदारी और पारदर्शिता की शपथ दिलाई।

उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय में महाप्रबंधक पंकज शर्मा रेल अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाते दिख रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे में भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को मजबूत करने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार, 26 अक्टूबर को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर आयोजित यह सप्ताह 1 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को ईमानदारी, जवाबदेही तथा भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के पहले दिन उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने प्रधान कार्यालय में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी एवं कानून के नियमों का पालन करने, अपने कार्यों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने सतर्कता विषय पर आधारित चित्रों एवं पेंटिंग्स की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने सतर्कता जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया। इन गतिविधियों के माध्यम से रेलकर्मियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता के उच्चतम मानकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाले सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत चित्रों एवं पेंटिंग्स की प्रदर्शनी, काव्य पाठ, हस्ताक्षर अभियान और नुक्कड़ नाटकों सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से रेलकर्मियों एवं आमजन को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और जवाबदेही के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
“सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के संदेश के साथ आयोजित इस सप्ताह का उद्देश्य रेलवे की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना और भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करना है। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

