महाप्रबंधक श्री अमिताभ के नेतृत्व में यात्री और माल ढुलाई आय में गत वर्ष की इसी समान अवधि की तुलना में 17 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई।

उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती दो महीनों (अप्रैल और मई) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्व अर्जन के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा कर सुरक्षित, संरक्षित तथा समयबद्ध यात्रा करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप रेलवे ने अप्रैल व मई 2026 की अवधि में कुल 3.17 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया, जिससे 656 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। इसके साथ ही, इस अवधि में लगभग 5.39 मिलियन टन माल की ढुलाई करके 702 करोड़ रुपये की कमाई की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने संरक्षा, समयपालन, यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी, इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ बनाने तथा निर्माण व विद्युतीकरण कार्यों को लक्ष्यानुसार पूरा करने पर विशेष बल दिया है। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा इन कार्यों के बेहतर निष्पादन से ही उत्तर पश्चिम रेलवे ने वर्ष 2026-27 के अप्रैल व मई माह में यह शानदार वित्तीय सफलता हासिल की है। वित्तीय आंकड़ों का विश्लेषण करें तो उत्तर पश्चिम रेलवे ने अप्रैल व मई 2026 में यात्री आय से जो 656 करोड़ रुपये अर्जित किए हैं, वह गत वर्ष की इसी अवधि (अप्रैल-मई 2025) के मुकाबले 17 प्रतिशत अधिक है। वहीं दूसरी ओर, माल ढुलाई से अप्रैल व मई 2026 में प्राप्त 702 करोड़ रुपये का राजस्व भी गत वर्ष की इसी समान अवधि से पूरे 17 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।

इस शानदार प्रदर्शन के पीछे उत्तर पश्चिम रेलवे पर आय को बढ़ाने के लिए संसाधनों का किया जा रहा बेहतर व कुशल उपयोग है, जिसके तहत रेलवे राजस्व में यह अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। महाप्रबंधक श्री अमिताभ के कुशल नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्री तथा माल परिवहन संचालन के क्षेत्र में सम्पूर्ण भारतीय रेलवे पर अपनी एक विशिष्ट और अलग पहचान बनाई है। उत्तर पश्चिम रेलवे लगातार अधिक राजस्व प्राप्त कर रेल यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन की अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है, जो भारतीय रेल के विकास में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story