उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार, 03 नवम्बर 2026 को महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षित रेल संचालन, आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, रेलवे की तैयारियों और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। इस दौरान महाप्रबंधक ने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। वहीं, संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 08 रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।

बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेल संचालन में सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य पूरी सतर्कता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के साथ ही कवच प्रणाली से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।

आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए महाप्रबंधक ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा। इसके साथ ही सभी संबंधित विभागों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

सर्दियों के मौसम में कोहरे की अधिकता वाले क्षेत्रों में रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। बैठक में रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, नियमित पेट्रोलिंग तथा विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों के समुचित रखरखाव की समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग के माध्यम से संरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बैठक में आधारभूत संरचना एवं निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्य निष्पादन, पूंजीगत कार्यों, रेलवे ट्रैक की फेंसिंग और आय बढ़ाने के उपायों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्य समय पर पूरे करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

बैठक के दौरान महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 08 रेलकर्मियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में प्रत्येक रेलकर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी सजगता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। बैठक में त्योहारों के दौरान यात्री प्रबंधन से लेकर सर्दियों में सुरक्षित रेल संचालन और बुनियादी ढांचे के विकास तक रेलवे की प्राथमिकताओं की समीक्षा की गई।

Next Story