भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम प्रदेश प्रवास को लेकर संगठन और कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान आ रहे नितिन नवीन का स्वागत राजस्थानी परंपरा के अनुरूप किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन 27 अप्रैल सोमवार को प्रातः 10.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से प्रस्थान कर वे 11.15 बजे टोंक पहुंचेंगे, जहां 11.30 बजे टोंक भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर के भाजपा जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा, जबकि जालौर भाजपा जिला कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास संपन्न होगा। इस उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे।

टोंक कार्यक्रम के उपरांत नितिन नवीन दोपहर 2.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। प्रदेश मुख्यालय की पहली यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत अभिनंदन की व्यापक तैयारियां की गई हैं। युवा मोर्चा कार्यकर्ता बाइकों पर जुलूस के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले की अगुवाई करेंगे। जयपुर एयरपोर्ट से लेकर पत्रिका गेट, डब्ल्यूटीपी, शिक्षा संकुल, कनोडिया कॉलेज गांधी सर्किल, जेडीए सर्किल, रामबाग सर्किल, अंबेडकर सर्किल, बाइस गोदाम सर्किल और राजमहल पैलेस तक स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी। सभी निर्धारित कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें प्रदेश स्तर पर संगठन को सशक्त करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा संचारित करने पर विशेष जोर रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story