भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का 27 अप्रैल (सोमवार) को प्रस्तावित राजस्थान दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ संगठनात्मक रूप से भी व्यापक प्रभाव वाला माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला प्रदेश प्रवास है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि राजधानी जयपुर में उनके स्वागत के लिए पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ भव्य आयोजन किए जाएंगे, जिनमें पुष्कर एवं गंगानगर के लोक कलाकार ढोल-नगाड़ों और बैगपाइपर के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन प्रातः 10:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे 11:15 बजे टोंक के लिए प्रस्थान करेंगे। टोंक में 11:30 बजे वे भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली एवं बाड़मेर के जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन तथा जालौर जिला कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं एवं आमजन को संबोधित करेंगे।

टोंक कार्यक्रम के पश्चात नितिन नवीन दोपहर 2:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां मंत्रीमंडल द्वारा उनका स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट के बाहर बगरू, सांगानेर और चाकसू विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता भव्य स्वागत करेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। यहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवा मोर्चा कार्यकर्ता बाइक रैली के माध्यम से उनके काफिले की अगुवाई करेंगे। सांगानेर, बगरू, चाकसू, बस्सी, फुलेरा, दूदू, आमेर, जमवारामगढ़, आदर्श नगर, मालवीय नगर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा और सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर स्वागत करेंगे।

जयपुर में पत्रिका गेट, वर्ल्ड ट्रेड पार्क (डब्ल्यूटीपी), शिक्षा संकुल, कनोडिया कॉलेज, जेडीए सर्किल, रामबाग सर्किल, अंबेडकर सर्किल, बाइस गोदाम सर्किल और राजमहल पैलेस पर मंच बनाकर भव्य स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा। विशेष रूप से राजमहल पैलेस पर भाजपा महिला मोर्चा पारंपरिक कलश के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेगी, जहां महिला पदाधिकारी कलश लेकर उनकी अगुवाई करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय तक पहुंचेंगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके पश्चात वे प्रदेश पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी की बैठक लेंगे। बैठक के उपरांत वे रात्रि में दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। यह दौरा न केवल संगठनात्मक सुदृढ़ता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि प्रदेश में राजनीतिक सक्रियता और कार्यकर्ताओं के मनोबल को भी नई ऊर्जा प्रदान करने वाला है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story