नितिन नवीन ने पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का अभिनंदन किया
इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक के सफर को रेखांकित किया।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनका अभिनंदन किया और कहा कि उनकी संघर्ष, संकल्प और सेवा की यात्रा ने जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया है। श्री नवीन ने कहा कि 2014 के बाद गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति के लिए चलाई गई योजनाओं से बदलाव आया तथा कोरोना संकट के दौरान टीकाकरण और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास, विरासत, सुरक्षा और भारत के सम्मान को नई दिशा मिली है, जिससे विकसित भारत का संकल्प साकार हो रहा है।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि यह दिन सभी भारतवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अविस्मरणीय है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र दामोदरदास मोदी जी की 25 वर्षों की उस यात्रा का साक्षी बनने का अवसर है, जो संघर्षों के बीच शुरू हुई और हर चुनौती का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की तप, साधना और संकल्प ने जनसेवा को ही उनके जीवन का ध्येय बनाया। उनके लिए जनसेवा राष्ट्रसेवा का मार्ग बनी और इसी संकल्प के साथ वे राजनीति में सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़े।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की अनवरत, अविचल और अथक सेवा एवं समर्पण की यात्रा के लिए 140 करोड़ देशवासियों और भारतीय जनता पार्टी के लाखों-लाख कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई, अभिनंदन और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज देश के सभी जिलों से लोग प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की 25 वर्षों की यात्रा के साक्षी बन रहे हैं। भारत की 140 करोड़ जनता अपने प्रिय नेता को आशीर्वाद दे रही है और उनके यशस्वी जीवन के लिए शुभकामनाएं दे रही है, ताकि वे विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने इन 25 वर्षों में दीपक की तरह स्वयं को जलाकर, अपने परिश्रम और समर्पण से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में विकास, आत्मविश्वास और स्वाभिमान का उजाला फैलाने का निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके दीर्घ एवं यशस्वी सार्वजनिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि देश के पूर्व राष्ट्रपति मान्यवर प्रणब मुखर्जी जी ने अपनी किताब में 2014 के चुनाव को ‘टेक्टॉनिक शिफ्ट’ के रूप में बताया था और इसे भारतीय राजनीति का बड़ा बदलाव कहा था। श्री नवीन के अनुसार, नरेन्द्र मोदी जी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें जनता के सामने एक घोषित उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया और बाद में उन्हें जनता का अपार जनसमर्थन मिला तथा वे देश के पहले चुने हुए घोषित प्रधानमंत्री के रूप में आए। इससे पहले कई चुनाव हुए, लेकिन चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का नाम तय होता था। 2014 में पहली बार राष्ट्रीय चुनाव में प्रधानमंत्री का चेहरा केवल पार्टी का चेहरा नहीं रहा। नरेन्द्र मोदी जी को सीधे जनता के सामने चुनाव के प्रमुख चेहरे के रूप में पेश किया गया और देश की जनता ने उन्हें जनादेश देकर प्रधानमंत्री बनाया।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि इतिहास के पन्नों को देखें तो जवाहरलाल नेहरू को आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के नेताओं ने चुना। इंदिरा गांधी को भी कांग्रेस के नेताओं ने पहली बार चुनकर प्रधानमंत्री बनाया। राजीव गांधी अपनी माता के दिवंगत होने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बने और बाद में जनादेश लेकर आए। इसके विपरीत नरेन्द्र मोदी जी किसी राजनीतिक परिवार या विरासत के साथ नहीं आए। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक अनुभव और जनता के जनादेश के आधार पर देश का प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया।
श्री नवीन ने कहा कि इस अवसर पर उन माताओं-बहनों, लखपति दीदियों, किसान भाइयों, खिलाड़ियों, गरीब परिवारों और देश के युवाओं की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिनंदन और आभार व्यक्त किया जा रहा है, जिनके जीवन में उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों ने सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों के लिए शौचालय निर्माण से लेकर उज्ज्वला योजना तक की व्यवस्था की गई और उनकी सुरक्षा एवं स्वाभिमान सुनिश्चित करने का काम हुआ।
उन्होंने कहा कि 3 करोड़ लखपति दीदियों को आत्मनिर्भर बनाकर महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम की गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने केवल वूमेन डेवलपमेंट की बात नहीं की, बल्कि वूमेन-लेड डेवलपमेंट की बात की है और अब 33 प्रतिशत महिलाओं को मिलने वाले आरक्षण से उनकी राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। 11 करोड़ से अधिक किसान भाइयों के लिए किसान सम्मान योजना के माध्यम से उनका सम्मान और कल्याण सुनिश्चित किया गया। कृषि को केवल एक विभाग तक सीमित न रखते हुए किसान कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई और किसानों के प्रति देश के नेतृत्व की सोच को प्रदर्शित किया गया।
श्री नवीन ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खिलाड़ियों को नए अवसर दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप आज भारतीय खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं और नए-नए कीर्तिमान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4 करोड़ गरीब परिवारों को उनके सपनों का घर और सिर पर छत देने का काम किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना जैसी आपदा के समय, जब पूरी दुनिया ठहर-सी गई थी, तब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने करोड़ों भारतवासियों के बेटे और भाई की तरह उनकी चिंता की। निःशुल्क वैक्सीन से लेकर 80 करोड़ लोगों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई, जिससे देश इस अस्थिरता और आपदा की घड़ी से बाहर निकल पाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2013-14 में निराशा और नाउम्मीदी के माहौल से गुजर रहे देश के युवाओं में आशा और उम्मीद की नई किरण जगाई। आज देश में ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप और 125 से अधिक यूनिकॉर्न इस बदलाव के साक्षी हैं। युवा अब केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर बनकर देश के विकास में अपना योगदान दे रहा है।
श्री नवीन ने कहा कि इन सभी वर्गों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया जाता है। उन्होंने उस कल्पना का भी अभिनंदन किया, जिसने देश को नई सोच और नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि देश ने विभाजनकारी राजनीति का एक बड़ा दौर देखा है, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को केंद्र में रखकर सरकार की योजनाएं बनाने और उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जनसंघ कालखंड से लेकर भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिवादन किया जाता है। प्रेरणा पुरुष दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के विचार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की कल्पना और श्रद्धेय अटल जी की सुशासन की व्यवस्था को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पूरी पारदर्शिता के साथ देश के अंतिम व्यक्ति के विकास की योजनाओं से जोड़ा है। चाहे डायरेक्ट ट्रांसफर स्कीम हो या 370 की समाप्ति का विषय, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश को सम्मान और एकता का भाव दिया है, जिससे आज 140 करोड़ देशवासी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि विकास के साथ-साथ देशवासियों को अपनी विरासत पर गर्व करने का अवसर भी मिला है। काशी विश्वनाथ का कॉरिडोर, महाकाल का कॉरिडोर और अयोध्या का भव्य श्रीराम मंदिर इसके उदाहरण हैं। इन माध्यमों से आस्था और विरासत को नई पहचान मिली है। उन्होंने सोमनाथ के पवित्र मंदिर को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि केवल इमारतें और इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं बनाए गए, बल्कि आस्था के केंद्रों को भी फिर से सृजित किया गया है। सेवा तीर्थ, अमर शहीदों और सैनिकों को समर्पित नेशनल वॉर मेमोरियल तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के माध्यम से देश की विरासत पर गर्व करने का सभी को अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत से जुड़े परिवारों की ओर से भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिनंदन किया जाता है। 60 करोड़ परिवार आज स्वास्थ्य बीमा का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने वीर सैनिकों की ओर से भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को नमन किया, जिनके साथ उन्होंने केवल दिवाली और होली नहीं मनाई, बल्कि उनके मनोबल को बढ़ाने और उनके सीने को चौड़ा करने का काम किया है।
श्री नवीन ने कहा कि एक समय था, जब इस देश में सैनिकों के सिर काट लिए जाते थे और दिल्ली में बैठी सरकार मौन रहती थी। लेकिन आज स्पष्ट संदेश दिया गया है कि यह नया भारत है, जो अपनी सुरक्षा और स्वाभिमान के प्रति दृढ़ता से खड़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर इसी दृढ़ संकल्प के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सेना को देश की शान बताया है और इस भावना को प्रदर्शित किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व को 35 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का है और भारत के बढ़ते महत्व का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को नई सोच और नई दिशा मिली है। संस्कृति और विरासत के ऐसे कई आयाम सामने आए हैं, जो सभी को गर्व कराते हैं। योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने से लेकर भारतीय संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता तक, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के लोगों में अपनी संस्कृति और विरासत के प्रति नई सोच विकसित की है।
श्री नवीन ने कहा कि सीमाओं पर स्थित गांवों को, जिन्हें पहले अंतिम गांव कहा जाता था, नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने इन्हें भारत के प्रथम गांव बताया है, जो देश की सुरक्षा और स्वाभिमान की पहली कड़ी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की इस सोच को नमन किया।
उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति की सोच और दृष्टि 140 करोड़ लोगों का संकल्प बन जाती है, तो वह एक सामूहिक स्वप्न बन जाता है। जो आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं, वही विकसित भारत 2047 के सूत्रधार हैं। इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश की शक्ति और देश के लोगों की शक्ति की सप्तधारा का रोडमैप दिया है।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की 25 वर्षों की यात्रा संघर्ष से संकल्प तक, संकल्प से सिद्धि तक और जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के माध्यम से देश को विकसित भारत का जो संकल्प मिल रहा है, उसके साथ भारत निरंतर आगे बढ़ेगा और विकास के साथ-साथ अपनी विरासत को भी आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत निश्चित रूप से विश्व की अगुवाई करेगा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी उसका नेतृत्व करेंगे। देशभर के सभी जिलों से कार्यकर्ता और लोग इस कार्यक्रम से जुड़े हैं। उनकी ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिवादन करते हुए उन्होंने आग्रह किया कि देश को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करने की इस यात्रा में सभी मिलकर विकसित भारत के सपने को साकार करें।

