पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर आयोजित सेवा संकल्प सभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि जनता की सेवा से उपजा जनविश्वास ही भारतीय जनता पार्टी की शक्ति है। उन्होंने कहा कि इसी जनविश्वास के आधार पर भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को भरोसा है कि जनता अगले कई दशकों तक भाजपा को सेवा का अवसर देगी।

नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जवाबी हमला करते हुए कहा कि जिन चार करोड़ परिवारों को आवास मिला है और 12 करोड़ परिवारों को शौचालय मिले हैं, वे परिवार सम्मान और स्वाभिमान के साथ रह रहे हैं और उनका आशीर्वाद वोट के रूप में भाजपा को मिलता है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के कभी बैंक में खाते नहीं खुलते थे और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए बैंक के दरवाजे नहीं खुलते थे, ऐसे 75 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को पीएम स्वनिधि का लाभ मिला है। उनके जीवन में आए बदलाव का आशीर्वाद भी वोट के रूप में भाजपा को मिलता है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उसका भरोसा जीतने के कारण ही भाजपा को विश्वास है कि जनता का आशीर्वाद उस पर बना रहेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा फहराने का पार्टी का सपना कार्यकर्ताओं के परिश्रम, डबल इंजन सरकार के काम और जनप्रतिनिधियों के जनता से जुड़ाव के चलते अब पूरा होते दिख रहा है। उन्होंने कहा कि निकाय की जीत ऐतिहासिक है, लेकिन यह एक चुनौती और बेहतर अवसर भी है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को लाभ दिलाकर उसके जीवन में बदलाव लाना जरूरी है।

उन्होंने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपनी कार्य पद्धति और कार्यशैली से जनता से जुड़े रहें तथा गरीब को नारायण मानकर काम करने की भाजपा की नीति को ध्यान में रखते हुए सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

नितिन नवीन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानवदर्शन और अंत्योदय की चर्चा करते हुए कहा कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा चारों एक दिशा में काम करें। इसी तरह शहरी विकास के लिए सड़क, नाला और पानी की समस्या को शरीर, खेल का मैदान व पार्क को मन, स्कूल व पुस्तकालय को बुद्धि तथा मंदिर, विरासत व संस्कार को उसकी आत्मा मानकर समग्र विकास का चिंतन रखते हुए काम करना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प से भरे जीवन की चर्चा करते हुए कहा कि उनका जीवन जीत के आनंद से आनंदित नहीं, बल्कि 25 वर्ष का राजनीतिक सफर तप और तपस्या की यात्रा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के जीवन को सेवा के संकल्प की प्रतिबद्धता से जोड़ते हुए कहा कि आज उनके आह्वान पर करोड़ों समर्थ लोग रसोई गैस की सब्सिडी छोड़ देते हैं और स्वच्छता अभियान एक जनआंदोलन के रूप में परिवर्तित हो जाता है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का विकसित होना इस बात पर निर्भर करता है कि वहां के लोग एक स्वप्न के लिए एक साथ आगे बढ़ें। आज भारत उसी विकसित भारत के स्वप्न के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय कहते थे कि दीपक की पहचान इस बात से नहीं होती कि उसकी लौ कितनी दूर तक पहुंचती है, बल्कि इससे होती है कि उसका प्रकाश कितनी दूर तक फैलता है। इसी में छिपे अंत्योदय के विचार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार की योजनाएं बनी हैं। इस भाव को जमीन तक पहुंचाने के लिए निकाय और पंचायत के जनप्रतिनिधि महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में मिली सफलता से शहरी विकास और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के साथ पंचायती राज में भी अभूतपूर्व सफलता मिलने का विश्वास है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत के लिए कार्यकर्ताओं को किंग मेकर बताते हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे संकल्प पत्र को आधार बनाकर जिस प्रकार नरेंद्र मोदी और भजनलाल शर्मा अंत्योदय के लिए काम कर रहे हैं, उसी प्रकार अपने शहरी निकाय और क्षेत्र के विकास के लिए काम करें।

मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके हाथ में यश की रेखा है और वे प्रधानमंत्री जी से जितना मांगते हैं, उससे दोगुना उन्हें मिलता है। राठौड़ ने जयपुर, कोटा, जोधपुर नगर निगमों और सुकेत नगर पालिका में भाजपा की हुई ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कार्यकर्ताओं का अभिनंदन और जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने वन स्टेट, वन इलेक्शन का बीड़ा उठाया। जब विधानसभा में हमने इसके बारे में कहा तो कांग्रेस के लोग कहते थे कि इनके काका जी भी यह नहीं करवा पाएंगे। हमने चुनाव करवाकर दिखाया है। अब वे तय कर लें कि काका जी कौन है।

शर्मा ने कहा कि हम गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए काम कर रहे हैं। किसानों को खेत के लिए पानी मिल जाए तो यहां का किसान धरती से सोना पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि हम किसानों की जमीन से सोना पैदा करने की बात करते हैं। मैं यह नहीं कहता कि आलू से सोना पैदा करेंगे, ये कांग्रेस कर सकती है, ऐसी मशीन उनके पास ही है शायद।

उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के बाद कांग्रेस के लोग बौखलाए हुए हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आपने परिसीमन किस तरह किया था, जनता सब जानती है। हमने नियम बनाकर परिसीमन का कार्य किया है। आपने बसपा के लोगों के साथ क्या किया, यह सभी जानते हैं? लक्ष्मणगढ़ में प्रधान को रोकने का काम भी आपने किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में कानून और संविधान का राज चलेगा, आपकी मनमानी नहीं चलेगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आप जनता से जुड़कर काम नहीं करते हैं। जनता के बीच जाते नहीं हैं। पूरे देश में एक-दो जगहों तक सीमित होकर रह गए हैं। आने वाले समय में वहां भी सिमट जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता का विश्वास है। निकाय चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता के रूप में जनता का आशीर्वाद मिला है और अब पंचायत चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से गरीब कल्याण के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने राजस्थान में अनेक विकास कार्य किए हैं। पौने तीन साल के कार्यकाल में पानी, सड़क, ऊर्जा, परिवहन, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के 13 जिलों में 2,636 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। 36 लाख लोगों को 400 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। इतना ही नहीं, दशकों से अटकी ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और किशाऊ समझौते जैसी योजनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया गया है।

शर्मा ने कहा कि राजस्थान में पानी से जुड़े लगभग 2 लाख करोड़ रुपए के कार्य हो रहे हैं। हमारी सरकार ने ढाई साल में 12 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन किया है। इतना ही नहीं, हमने युवाओं के सपनों को आगे बढ़ाने का काम किया है, जबकि कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को रौंदने का काम किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में विकास हो रहा है और अब विकसित राजस्थान का सपना भी जल्द साकार होगा।

कार्यक्रम के पश्चात केंद्रीय एवं राज्य सरकार की योजनाओं को प्रदेश के ग्राम स्तर तक पहुंचाने के लिए 90 प्रचार वाहनों को राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कविता पाटीदार, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित भाजपा पदाधिकारी और सरकार के मंत्रीगण उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प सभा में भाजपा नेतृत्व ने निकाय चुनाव में मिली सफलता को जनसेवा की जिम्मेदारी से जोड़ते हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अंत्योदय की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं को ग्राम स्तर तक पहुंचाने के लिए 90 प्रचार वाहनों का रवाना किया जाना भी इसी अभियान का हिस्सा रहा।

Next Story