भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राजस्थान दौरा, 7 जिला कार्यालयों का होगा उद्घाटन
नितिन नवीन टोंक में नए भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और संगठन विस्तार को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।

जयपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ (मध्य) आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास की जानकारी देते हुए।
राजस्थान में संगठन विस्तार को नई गति देने के उद्देश्य से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल, सोमवार को प्रदेश दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला राजस्थान प्रवास होगा, जिसमें वे प्रदेश के 7 नए जिला भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे और जालोर भाजपा कार्यालय का शिलान्यास करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत नितिन नवीन जयपुर पहुंचने के बाद सीधे टोंक जाएंगे। टोंक में वे भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और आमजन तथा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी भाजपा कार्यालयों में किया जाएगा। टोंक में उद्घाटन के साथ ही अन्य जिला कार्यालयों का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।
कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे। इस दौरान जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में वे प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी शामिल होंगे। साथ ही वे भाजपा कोर कमेटी की बैठक लेकर संगठन विस्तार को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। इस दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बताया जा रहा है।
गहलोत–पायलट की तस्वीर के संबंध में पूछे गए सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि फोटो खिंचवाकर यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे साथ हैं, जबकि इससे उनके आपसी मतभेद ही उजागर होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात ऐसे हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से एकजुटता प्रदर्शित करनी पड़ रही है। राठौड़ ने यह भी कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि गहलोत यह कह रहे हैं कि पहली बार राहुल गांधी ने एसटी, एससी और ओबीसी वर्गों के बारे में बात की है। यह बयान स्वयं में चौंकाने वाला है और इससे स्पष्ट होता है कि पहले इन वर्गों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
रिफाइनरी के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि विपक्ष को इस विषय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्य सामने आ जाएंगे। यह दौरा न केवल संगठनात्मक मजबूती का संकेत है, बल्कि प्रदेश में भाजपा की सक्रियता और विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
