भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को टोंक से 7 जिलों में भाजपा कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन तथा जालोर में पार्टी कार्यालय भवन का शिलान्यास करते हुए संगठन को ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिल रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पित भाव से राष्ट्र सेवा में जुटा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है, जिसके परिश्रम से आज 21 राज्यों में भाजपा की सरकार है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा सवा दो वर्ष के कार्यकाल में महिला, किसान, युवा और मजदूर को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राहत दी गई है।

उन्होंने नव निर्मित जिला भाजपा कार्यालयों को विचार और संकल्प का केंद्र बताते हुए कहा कि राजस्थान की धरा शौर्य, त्याग और बलिदान की साक्षी रही है, जहां वीरों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व स्तर पर मजबूत संबंध स्थापित किए हैं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग का सशक्तीकरण हो रहा है। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए अंत्योदय, प्रखर राष्ट्रवाद और सुशासन की अवधारणा को आगे बढ़ाने की बात कही।

नितिन नवीन ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिजली, पानी और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहा है। राम जल सेतु लिंक परियोजना से विभिन्न जिलों में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ होगी, वहीं सोलर और पवन ऊर्जा के माध्यम से बिजली संकट का समाधान संभव होगा। उन्होंने राइजिंग राजस्थान आयोजन के जरिए युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की भी चर्चा की।

उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मां, माटी, मानुष के साथ सत्तारूढ़ पार्टी ने बेइमानी की है और जनता सड़कों पर उतर आई है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का उल्लेख करते हुए उन्होंने वहां प्रचंड बहुमत से जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं की सुरक्षा, स्वाभिमान और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध हैं और नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम के माध्यम से सशक्तिकरण का प्रयास किया गया, हालांकि विपक्ष ने विधेयक पारित नहीं होने दिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और परिश्रम से भाजपा दो सांसदों वाली पार्टी से बढ़कर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव को सर्वोपरि रखते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और हर बूथ तक कमल खिलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम केवल नारा नहीं, बल्कि मूल मंत्र है और इसी भावना के साथ कार्यकर्ता देश सेवा में जुटे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दूरदर्शी और सशक्त बताते हुए कहा कि हर जिले में भाजपा कार्यालय स्थापित करने का लक्ष्य संगठन को मजबूती प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यालय संगठन, विचारधारा और गतिविधियों के केंद्र होते हैं और कार्यकर्ताओं के लिए घर-परिवार के समान हैं। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके संस्कारों और समर्पण से संगठन मजबूत हुआ है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के तहत विकास कार्यों को गति देने की बात कही और कहा कि 2014 के बाद से गरीब कल्याण योजनाएं, आतंकवाद-नक्सलवाद पर नियंत्रण और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।

उन्होंने प्रदेश में डबल इंजन सरकार के तहत बिजली, पानी, शिक्षा और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की बात दोहराई। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरा लाल नागर, विधायक राजेन्द्र गुर्जर, रामसहाय वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम संगठन विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आगामी समय में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूती मिलने की संभावना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story