श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला: 35 साल बाद पाली में पांच दिवसीय आयोजन शुरू
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने साण्डेराव में किया मेले का शुभारंभ, 11 जिलों में जिला स्तरीय पशु मेले आयोजित करने की बजट घोषणा के तहत पहली पहल।

पाली के साण्डेराव में श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेले के उद्घाटन अवसर पर पुंगनूर नस्ल की गाय का पूजन करते कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और अन्य अतिथि।
जयपुर, 13 फरवरी। 35 साल बाद पांच दिवसीय श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेले का आगाज शुक्रवार को पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने मंत्रोच्चार, पुंगनूर नस्ल की गौमाता का पूजन और ध्वजारोहण के साथ किया।
मेले का आयोजन और प्रदर्शनी
गोडवाड़ क्षेत्र के 13 से 17 फरवरी तक फालना रोड, साण्डेराव, पाली में हो रहे इस पशु मेले में पुंगनूर, गिर, कांकरेज, थार व संकर नस्ल के श्रेष्ठ पशुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
पशुपालन मंत्री का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि:
"मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जिला स्तर पर पशु मेलों के आयोजन की बजट-2025-26 में की गई थी, इसी बजट घोषणा की क्रियान्विति में प्रथम चरण में इस बार 11 जिलों में जिला स्तरीय पशु मेले आयोजित किए जा रहे हैं। मेले के आयोजन से सामाजिक सौहार्द और मेलजोल बढ़ता है, जिससे समाज में एकता आती है और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।"
विभागीय व्यवस्थाएं और स्टॉल्स
- पशुपालन विभाग की ओर से मेले में पशुओं के लिए चारा, पानी और चिकित्सा सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
- मेले के दौरान राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के उदेश्य से 12 विभागों की स्टॉल्स लगाई गई है।
- इसके साथ 50 प्राइवेट लोगों ने भी अपने उत्पाद बेचने के लिए स्टॉल्स लगाई हैं।
पशुपालक हित में विशेष काउंटर
खासतौर पर पशुपालकों के हित में लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए पशुपालन विभाग द्धारा विशेष काउंटर स्थापित किया गया है। इस काउंटर पर मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, सैक्स सोर्टेड सीमन योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
मेले के आंकड़े और आगामी कार्यक्रम
संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. मनोज पंवार ने बताया कि पशुपालकों की सहायता के लिए पांच चौकिंया स्थापित की गई हैं। पहले दिन 85 ऊंट, 18 घोड़े, 25 बकरी, एक पाडा, पांच गाय सहित अन्य मवेशी मेले में पहुंचे हैं। आगामी कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
- 14 फरवरी: सफेद पर्ची, अश्व व उष्ट्र प्रतियोगिता, रस्साकशी, साफा, मूंछ, गोडवाड़ केसरी व गोडवाड़ सुंदरी प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम।
- 15 फरवरी: मारवाड़ी अश्व प्रतियोगिता।
- 16 फरवरी: गाय, भैंस, ऊंट, भेड़ व बकरी प्रतियोगिताएं तथा शाम 7 से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम।
- 17 फरवरी: पारितोषिक वितरण के साथ मेले का समापन।
उपस्थित गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर महंत महेंद्रानंद गिरी गादीपति मांगलिया गुढा, श्री निंबेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जगत सिंह, सरस डेयरी, पाली के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, पूर्व जिलाध्यक्ष करण सिंह नेतरा, पशुपालन विभाग, जोधपुर के अतिरिक्त निदेशक मनमोहन नागौरी, सुमेरपुर के पूर्व प्रधान हरिशंकर मेवाड़ा सहित विभाग के अधिकारी और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
