निकाय चुनाव को लेकर भाजपा में उत्साह, जयपुर में तीन दिन होंगी संभागवार बैठकें
निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कीं। जयपुर में 27 से 29 अगस्त तक सात संभागों की बैठकें होंगी और चुनावी रणनीति पर मंथन होगा।

तस्वीर में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी नजर आ रहे हैं।
आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं में अपूर्व उत्साह है और आम जनता में भी भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल है।
निकाय चुनाव पर विचार-विमर्श के लिए जयपुर में 27, 28 और 29 अगस्त को संभागवार बैठकें आयोजित की जाएंगी। श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि आगामी तीन दिनों में सात संभागों की बैठकें होंगी।
27 अगस्त को अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग की बैठक होगी। इसके बाद 28 अगस्त को भरतपुर और कोटा संभाग की बैठकें होंगी, जबकि 29 अगस्त को जोधपुर और जयपुर संभाग की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इन बैठकों में संभाग प्रभारी, संभाग सह प्रभारी, निगम चुनाव प्रभारी, संभागीय निकाय चुनाव संचालन समिति, जिला अध्यक्ष, जिला संगठन प्रभारी, सांसद, सांसद प्रत्याशी 2024, विधायक और विधानसभा चुनाव प्रत्याशी 2023 उपस्थित रहेंगे। बैठक में निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया जाएगा।
श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पिछले 31 महीनों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में किए गए ऐतिहासिक लोक कल्याणकारी कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिणामकारी एवं परिवर्तनकारी 12 साल के सुशासन के साथ ही क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की निरंतर सक्रियता का लाभ भी इन चुनावों में भाजपा को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जिस प्रकार निकायों की दुर्दशा हुई, शहरी विकास के काम अवरोधित हुए और आमजन प्रताड़ित हुआ, उसको लेकर भी जनता में गहरा आक्रोश है।
निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर जयपुर में होने वाली तीन दिवसीय संभागवार बैठकों को संगठन की चुनावी रणनीति और आगामी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

