पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कटिहार मंडल के अंतर्गत न्यू जलपाईगुड़ी यार्ड में मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर (एमएसडीएसी) की कमीशनिंग की तैयारी पूरी कर ली है। रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम 26 से 28 जुलाई, 2026 तक पूरा किया जाएगा।

मालीगांव, 19 जुलाई, 2026: न्यू जलपाईगुड़ी यार्ड में एमएसडीएसी की कमीशनिंग के बाद ट्रेन डिटेक्शन प्रणाली में सुधार आएगा। इस उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली से ट्रेनों की स्थिति का पता लगाने की क्षमता बेहतर होगी, परिचालन सुरक्षा मजबूत होगी और रेल सेवाओं की विश्वसनीयता में वृद्धि होगी। इससे क्षेत्र के व्यस्त रेलवे यार्डों में शामिल न्यू जलपाईगुड़ी यार्ड में ट्रेनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।

कमीशनिंग कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कुछ ट्रेन सेवाओं में अस्थायी बदलाव किए हैं।

28 जुलाई, 2026 को ट्रेन संख्या 55749/55750 (न्यू जलपाईगुड़ी – हल्दीबाड़ी – न्यू जलपाईगुड़ी) पैसेंजर ट्रेन रद्द रहेगी।

इसके अलावा 28 जुलाई, 2026 को यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 22301 (हावड़ा – न्यू जलपाईगुड़ी) वंदे भारत एक्सप्रेस किशनगंज तक ही संचालित होगी। इसके परिणामस्वरूप किशनगंज और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच यह ट्रेन सेवा रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22302 (न्यू जलपाईगुड़ी – हावड़ा) वंदे भारत एक्सप्रेस 28 जुलाई, 2026 को न्यू जलपाईगुड़ी के स्थान पर किशनगंज से खुलेगी। इस कारण न्यू जलपाईगुड़ी और किशनगंज के बीच ट्रेन सेवा रद्द रहेगी।

ट्रेनों के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 14037 (सिलचर - नई दिल्ली) एक्सप्रेस, जो 27 जुलाई, 2026 को यात्रा प्रारंभ करेगी, सिलचर से निर्धारित समय 19:10 बजे के स्थान पर 21:10 बजे रवाना होगी।

28 जुलाई, 2026 को यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 12510 (गुवाहाटी – एसएमवीटी बेंगलुरु) एक्सप्रेस गुवाहाटी से 06:15 बजे के बजाय 07:45 बजे रवाना होगी। इसी दिन चलने वाली ट्रेन संख्या 13142 (न्यू अलीपुरद्वार – सियालदह) एक्सप्रेस न्यू अलीपुरद्वार से 11:50 बजे के स्थान पर 12:50 बजे प्रस्थान करेगी।

मार्ग परिवर्तन के तहत 27 जुलाई, 2026 को यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 20504 और 12424 (नई दिल्ली – डिब्रूगढ़) राजधानी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 20505 और 12423 (डिब्रूगढ़ – नई दिल्ली) राजधानी एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 20501 (अगरतला – आनंद विहार टर्मिनल) तेजस राजधानी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाया अलुआबाड़ी रोड – ठाकुरगंज – सिलीगुड़ी – गुलमा होकर संचालित होंगी।

मार्ग परिवर्तन के दौरान ये ट्रेनें न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन को बाईपास करेंगी और सिलीगुड़ी जंक्शन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

इसके साथ ही 26 जुलाई, 2026 को यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 15631 (बाड़मेर – गुवाहाटी) एक्सप्रेस को निर्धारित समय से लगभग 60 मिनट तक विनियमित किया जा सकता है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी का विवरण आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा विभिन्न समाचार पत्रों और पू. सी. रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी इसकी जानकारी अधिसूचित की जा रही है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले यात्रा विवरण की जांच कर लें।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story