जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्री सुविधा और संचालन की गति को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपनी नई समय सारणी 1 जनवरी 2026 से लागू करने की घोषणा की है। रेलवे में हो रहे दोहरीकरण, विद्युतीकरण और आधारभूत संरचना सुधार के चलते रेल संचालन की गति में वृद्धि और समय की बचत हुई है। इसके परिणामस्वरूप, ट्रेनों के संचालन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शशि किरण ने बताया कि नई समय सारणी में नए ट्रेनों के संचालन, ट्रेनों के विस्तार, फेरों में वृद्धि, ट्रेन संख्या में बदलाव, नए ठहराव और विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान समय में परिवर्तन को सम्मिलित किया गया है। विशेष रूप से 61 ट्रेनों के नए ठहराव 1 जनवरी 2026 से लागू किए जाएंगे, जो यात्रियों के लिए अधिक सुविधा प्रदान करेंगे।

नई समय सारणी के तहत 12 जोड़ी नई ट्रेनें चलेंगी, 4 जोड़ी ट्रेनों का विस्तार किया गया है, 2 ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन में बदलाव हुआ है और 2 जोड़ी ट्रेनों के फेरों में वृद्धि की गई है। इसके अलावा, 12 ट्रेनों के नंबरों में बदलाव, 164 ट्रेनों के नए ठहराव, जिनमें 61 ठहराव 1 जनवरी 2026 से लागू होंगे, और दो ट्रेनों का मेल/एक्सप्रेस से सुपरफास्ट में परिवर्तन शामिल है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 89 ट्रेनों की गति में सुधार हुआ है, जिससे इनके विभिन्न स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव हुआ है। इसके अतिरिक्त, 66 ट्रेनों के विभिन्न स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान समय में 30 मिनट या उससे अधिक समय में बदलाव किए गए हैं, जिससे संचालन में संतुलन और यात्री सुविधा सुनिश्चित होगी।

श्री शशि किरण ने यात्रियों से अपील की है कि वे नई समय सारणी को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और इस बदलाव का लाभ उठाएं। नई समय सारणी के लागू होने से उत्तर पश्चिम रेलवे की गति, सुविधा और समयबद्धता में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों का समय और संसाधन दोनों बचेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story