नींदड़ मोड़ पर 16 जून 2026 को हुई भीषण दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा कार्ययोजना तैयार की है। जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशानुसार दुर्घटना के कारणों की जांच एवं आवश्यक सुधारात्मक उपायों के लिए सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया। समिति ने 26 जून को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारों संबंधी अपनी रिपोर्ट जिला कलक्टर को सौंपी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा ने बताया कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर नींदड़ मोड़ स्थित ट्रैफिक लाइट को जयपुर विकास प्राधिकरण के माध्यम से पुनः चालू कराया गया है। इसके साथ ही परियोजना कार्यान्वयन इकाई जयपुर (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) को अल्पकालिक सुरक्षा उपायों के तहत सड़क की मरम्मत करने, नींदड़ और जयपुर की ओर जाने वाले वाहनों के बीच उचित पृथक्करण सुनिश्चित करने, वाहनों की गति पुनः निर्धारित कर आवश्यक संकेतक लगाने तथा मोड़ से पहले गति कम कराने के लिए उपयुक्त टीबीएम मार्किंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त सर्विस रोड से आने वाले वाहनों के मुख्य सड़क पर एक ही स्थान से प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक अवरोधक लगाने तथा इन सभी कार्यों की अनुपालना रिपोर्ट 3 जुलाई 2026 तक प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया है कि परियोजना कार्यान्वयन इकाई जयपुर (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) द्वारा किए जाने वाले सुधारात्मक कार्यों के संबंध में 1 जुलाई 2026 से एशियन रोड सेफ्टी एकेडमी एवं अन्य गैर-सरकारी संगठनों की सहायता से आमजन को जागरूक किया जाए। साथ ही ट्रैफिक नियमों की पालना के लिए समझाइश दी जाए तथा समझाइश के बाद नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों के तहत परियोजना कार्यान्वयन इकाई जयपुर (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) को जेवीवीएनएल के पर्यवेक्षण में सुविधा स्थानांतरण (फेसिलिटी शिफ्टिंग) का कार्य 5 जुलाई 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सर्विस रोड का निर्माण 20 जुलाई 2026 तक पूर्ण करने तथा सर्विस रोड और मुख्य सड़क के बीच यात्री सुरक्षा रैलिंग लगाकर दोनों मार्गों का सुरक्षित पृथक्करण सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

नींदड़ मोड़ पर हुई भीषण दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन की यह चरणबद्ध कार्ययोजना सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने तथा भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story