चलती ट्रेन से 3 करोड़ के सोने की चोरी का खुलासा, नवलगढ़ जोहड़ी से 2 करोड़ का सोना बरामद
चलती ट्रेन से 3 करोड़ के सोने की चोरी मामले में नवलगढ़ पुलिस और हरियाणा एसआईटी ने तीन आरोपियों को पकड़ा, जोहड़ी से सोना बरामद।

राजस्थान के झुंझुनू जिला पुलिस और हरियाणा पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) ने चलती ट्रेन से 3 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी के अंतर्राज्यीय मामले का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त अभियान में नवलगढ़ क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाए गए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
झुंझुनू जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने हरियाणा में हुई इस बड़ी चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए नवलगढ़ पुलिस को त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी के विशेष निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के सुपरविजन में नवलगढ़ थानाधिकारी श्री अजय सिंह ने हरियाणा पुलिस की एसआईटी के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
मामले के अनुसार यह वारदात 10 जून 2026 को हुई थी। करौली जिले के बड़ागांव निवासी नरेंद्र सिंह गुर्जर भटिंडा की एक प्राइवेट लॉजिस्टिक फर्म में सोने के गहनों की डिलीवरी का काम करता है। वह दिल्ली से करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात से भरा बैग लेकर दिल्ली-भटिंडा ट्रेन से रवाना हुआ था।
सफर के दौरान ट्रेन हरियाणा के जाखल स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान नरेंद्र पानी की बोतल लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा। पीछे से घात लगाए बैठे अज्ञात चोरों ने उसकी सीट पर रखा सोने के गहनों से भरा बैग चोरी कर लिया। वापस लौटने पर बैग गायब मिलने पर उसने मामले की जानकारी दी। इस संबंध में जीआरपी थाना जींद (हरियाणा) में चोरी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया और जांच के लिए विशेष एसआईटी का गठन किया गया।
मामले की तकनीकी और जमीनी जांच के दौरान हरियाणा पुलिस की एसआईटी 7 जुलाई और 10 जुलाई 2026 को नवलगढ़ थाने पहुंची। इसके बाद नवलगढ़ थाना पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाईं और दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर नवलगढ़ की डेरावाली ढाणी में दबिश दी।
पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर वहां छिपे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी किए गए जेवरात को एक जोहड़ी में जमीन के अंदर गाड़कर छिपा रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खुदाई करवाकर करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का चोरी किया गया सोना सुरक्षित बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने झुंझुनू जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ पुत्र राजेंद्र और गोविंद पुत्र श्रवण निवासी डेरावाली ढाणी नवलगढ़ तथा बबलू निवासी नवलड़ी थाना नवलगढ़ (झुंझुनू) के रूप में हुई है। हरियाणा पुलिस एसआईटी और नवलगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अंतर्राज्यीय चोरी प्रकरण में बड़ी बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हुई है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
