सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत नशे के खिलाफ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली निकाली जा रही है। ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ थीम पर आयोजित इस रैली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, अन्य केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस के राइडर्स भाग लेंगे। रैली 21 अक्टूबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी। जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में राइडर्स का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद रैली गुजरात के लिए रवाना होगी।

रैली में प्रत्येक राज्य, केंद्र शासित प्रदेश, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और केंद्रीय पुलिस संगठन (सीपीओ) से पांच सदस्यों की टीम शामिल होगी। सभी टीमें अपने-अपने राज्य की राजधानी या बल मुख्यालय से रवाना होकर 26 अक्टूबर तक गुजरात के एकता नगर पहुंचेंगी। इस राष्ट्रीय रैली में करीब 250 मोटरसाइकिल राइडर्स भाग लेंगे।

रैली हरियाणा सीमा पर स्थित कोटपूतली-बहरोड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी। इसके बाद जयपुर ग्रामीण, जयपुर शहर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर से गुजरते हुए गुजरात सीमा में प्रवेश करेगी।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, कानून एवं व्यवस्था वीके सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम आगरा से जयपुर पहुंचेगी। वहीं, 21 अक्टूबर को सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी और एसएसबी सहित विभिन्न बलों तथा राज्य पुलिस की संयुक्त रैली दिल्ली से रवाना होकर जयपुर पहुंचेगी। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। जयपुर में राइडर्स का रात्रि विश्राम होगा।

22 अक्टूबर को रैली जयपुर से 135 किलोमीटर की दूरी तय कर अजमेर पहुंचेगी। यहां राजस्थान पुलिस की टीम भी उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ रैली में शामिल होगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को रैली अजमेर से चित्तौड़गढ़ होते हुए 284 किलोमीटर का सफर तय कर उदयपुर पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को उदयपुर से 260 किलोमीटर की यात्रा कर रैली गांधीनगर पहुंचेगी।

राजस्थान में रैली के स्वागत और रवानगी के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में रैली के स्वागत और रवानगी, दोनों की व्यवस्था रहेगी। जयपुर में 21 अक्टूबर को आमेर किले पर रैली का स्वागत किया जाएगा। अगले दिन 22 अक्टूबर को रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से राजस्थान पुलिस के महानिदेशक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

अजमेर में 22 अक्टूबर को सीआरपीएफ कैंप में रैली का स्वागत होगा। 23 अक्टूबर को आनासागर झील से रैली को रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर अजमेर के आईजी हरी झंडी दिखाएंगे। चित्तौड़गढ़ में 23 अक्टूबर को कीर्ति स्तम्भ पर रैली का स्वागत होगा और उसी दिन चित्तौड़गढ़ किले से रैली रवाना होगी। उदयपुर में 23 अक्टूबर को फतेहसागर झील पर राइडर्स का स्वागत किया जाएगा। 24 अक्टूबर को उदयसागर झील से उदयपुर के आईजी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

स्वागत और रवानगी स्थलों पर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। जयपुर में पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा और पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा, कोटपूतली-बहरोड़ में पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, अजमेर में पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, चित्तौड़गढ़ में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह तथा उदयपुर में पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

एडीजी वीके सिंह के अनुसार, रैली की रवानगी वाले स्थानों पर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ठहराव वाले स्थानों पर स्वयंसेवी संगठनों, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारियों, इच्छुक महिलाओं तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सहित स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी से नशे के खिलाफ जागरूकता संवाद होगा।

रैली के स्वागत स्थलों पर ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ थीम के बैनर, बंटिंग और प्रचार-पत्र लगाए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग के माध्यम से नशे के खिलाफ लड़ाई और राष्ट्रीय एकता दिवस के प्रतीक प्रदर्शित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए रैली के मार्ग में नशे के विरुद्ध जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

रैली के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए उप महानिरीक्षक पुलिस, आर्म्ड बटालियन श्वेता धनखड़ को राजस्थान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक रैली के लिए संपर्क अधिकारी नियुक्त करेंगे, एस्कॉर्ट पार्टी उपलब्ध कराएंगे और यातायात तथा सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। वाहन खराब होने या चिकित्सकीय आपात स्थिति में संबंधित पुलिस अधीक्षक तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगे। प्रत्येक जिले में राजस्थान पुलिस सेवा (आरपीएस) रैंक के अधिकारी की अगुवाई में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर रैली की निगरानी की जाएगी।

पांचवीं बटालियन आरएसी, जयपुर की ओर से मार्गदर्शन वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। राजस्थान पुलिस की टीम के मैकेनिक और सामान के लिए भी वाहन की व्यवस्था की जाएगी। मार्गदर्शन वाहन में आरपीएस स्तर का अधिकारी कोटपूतली-बहरोड़ से उदयपुर तक रैली के साथ रहेगा।

रैली में शामिल टीमों के आवास और भोजन की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। उदयपुर में यह जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक, जयपुर में राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक तथा चौथी और पांचवीं बटालियन के कमांडेंट और अजमेर में सीआरपीएफ की होगी।

राजस्थान के संबंधित जिलों में रैली के मार्ग पर स्वागत और रवानगी समारोहों की फोटो, वीडियो तथा ड्रोन के माध्यम से रिकॉर्डिंग की जाएगी। इन दृश्यों को राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में प्रदर्शित की जाने वाली लघु फिल्म में शामिल किया जाएगा। इस तरह नशे के खिलाफ संदेश के साथ रैली की गतिविधियों को राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन से भी जोड़ा जाएगा।

Next Story