राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर के एमआई रोड स्थित हैंडलूम स्टोर पहुंचकर विभिन्न हैंडलूम उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देशवासियों से किए गए आह्वान को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार के उपक्रम हैंडलूम स्टोर से खरीदारी कर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर ‘वोकल फॉर लोकल’ के साथ हैंडलूम उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि हथकरघा उद्योग लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है और राजस्थान के विभिन्न जिलों में तैयार होने वाले स्थानीय हैंडलूम उत्पाद देश ही नहीं, दुनिया के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि बाड़मेर से लेकर सांगानेर और बगरू के उत्पाद पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों में कारीगरों का परिश्रम और पसीना शामिल होता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके श्रम का सम्मान करते हुए स्थानीय उत्पादों को अपनाए और उन्हें आगे बढ़ाने में अपनी भागीदारी निभाए।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को अपनाते हुए स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें, ताकि छोटे-छोटे कारीगर और दुकानदार आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें तथा प्रदेश की समृद्ध धरोहर को नई पहचान मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट तथा पंच गौरव कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों को प्रोत्साहित कर रही है। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय संस्कृति और कला को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ जिलों की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिल रही है। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर दिया गया यह संदेश स्थानीय उत्पादों के संरक्षण, कारीगरों के सम्मान और प्रदेश की पारंपरिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story