प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 2 अगस्त, 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने समुदायों में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के दूत के रूप में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस अभियान की शुरुआत के साथ ही मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी जन भागीदारी अभियान का भी शुभारंभ होगा। अभियान के तहत नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर में प्रत्येक रविवार साप्ताहिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वाकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं तथा सामुदायिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे।

इस पहल का उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध सामूहिक जनआंदोलन को मजबूत करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक समाज समूहों, उद्योग निकायों और आध्यात्मिक संगठनों को एक साझा मंच पर लाना है, ताकि व्यापक स्तर पर सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से युवा भागीदारी करेंगे। माय भारत वॉलिंटियर्स, माय भारत नेशनल सर्विस स्‍कीम वॉलिंटियर्स, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर सरकारी संगठन, उद्योग संघों के युवा विंग तथा 125 से अधिक सहयोगी आध्यात्मिक संगठन इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।

जयपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में माय भारत राजस्थान के राज्य निदेशक श्री देवेन्द्र व्यास ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि इस क्रम में राजस्थान के सभी जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर के कार्यक्रम स्थल सुबोध जैन पी जी कॉलेज, रामबाग सर्किल पर राज्यपाल श्री हरिभाऊ किशनराव बागडे उपस्थित रहेंगे, जबकि उदयपुर के कार्यक्रम स्थल महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

यह अभियान युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने और देशभर में जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में 100 सप्ताह तक निरंतर चलने वाले राष्ट्रीय प्रयास की शुरुआत का महत्वपूर्ण चरण होगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story