मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से संचालित नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जयपुर जिले में शीघ्र ही जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के संकल्प से जोड़ते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना, सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा नशा मुक्त भारत विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

अभियान के अंतर्गत 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें चित्रकला, नारा लेखन, कविता पाठ, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, समूह लोकगीत, समूह नृत्य तथा लघु फिल्म रील निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

आयोजकों के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में भाग ले सकेगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर केवल पंजीकृत प्रतिभागियों को ही मिलेगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।

जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा मंडलों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

इच्छुक युवा अपना पंजीयन मोबाइल नंबर 7297992263 पर संपर्क कर शीघ्र करवा सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तारीख 29 जुलाई निर्धारित की गई है। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित होने वाली ये प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नशामुक्त समाज के राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ने का अवसर प्रदान करेंगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story