जयपुर, 2 अगस्त। "विकसित भारत संकल्प अभियान" के तहत रविवार को स्थानीय सुबोध कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने युवाओं को "नशामुक्त युवा" की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक करोड़ युवाओं के लिए नशामुक्ति को लेकर दिए गए संदेश का लाइव प्रसारण भी किया गया।

राज्यपाल श्री बागडे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा जीवन का नाश करता है और इससे मुक्ति के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाते हुए नशीले पदार्थों की बिक्री और आपूर्ति करने वालों को पकड़वाने में सहयोग करने का भी आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि नशामुक्त राजस्थान के लिए जन सहभागिता को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों से ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थ भेजे जाने की घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करने और इस दिशा में आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने "नशामुक्त राजस्थान" के लिए माह का निर्धारण कर अभियान चलाने का भी आह्वान किया, ताकि नशे के खिलाफ व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा सकें।

इससे पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने नशामुक्त अभियान के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सभी के सहयोग से इसे सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story