प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित यह राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए जागरूक करने और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में शुरू किया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की सहभागिता के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन-जागरुकता बढ़ाना, खेल, संस्कृति, सामुदायिक गतिविधियों और सकारात्मक सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। यह पहल प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त भारत” तथा “विकसित भारत @2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़ने के लिए देशभर के लगभग 10,000 स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा सहभागी बनेंगे। इनमें माय भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक, युवा मंडल, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संस्थाओं के युवा सदस्य शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी “नशा मुक्ति शपथ” लेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराएंगे। इसी अवसर पर 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से खेल, सांस्कृतिक, फिटनेस, जागरुकता, ध्यान एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

देशभर के कार्यक्रम स्थलों पर वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, योग एवं ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरुकता रैलियाँ तथा अन्य जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही माय भारत पोर्टल पर चल रहे ई-प्रतिज्ञा अभियान के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए ऑनलाइन संकल्प लेने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के तहत लोकगीत, माइम, लघु फिल्म/रील, चित्रकला, वाद-विवाद और स्लोगन लेखन जैसी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इसके अतिरिक्त ग्राम सभाओं में नशा मुक्त संकल्प सभाएँ, विशेषज्ञों द्वारा जागरुकता एवं परामर्श सत्र, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया जागरुकता अभियान, अभिभावकों के लिए संवेदनशीलता कार्यक्रम तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों एवं ग्रामों को सम्मानित करने जैसी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

जोधपुर ज़िले में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन ज़िला प्रशासन के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और युवाओं की उपस्थिति के साथ काजरी सभागार जोधपुर में 02 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से किया जाएगा।

राष्ट्रव्यापी अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ होगा। इस सम्मेलन में देशभर के उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story