जयपुर: विकसित भारत रन में नारी शक्ति का शंखनाद, डॉ. मंजू बाघमार ने दिखाई झंडी
माय भारत द्वारा आयोजित 2 किमी लंबी दौड़ में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता महिला खिलाड़ियों का सम्मान और विकसित भारत संकल्प के साथ फिट इंडिया का संदेश दिया गया।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS) के तत्वावधान में 'माय भारत' (MY Bharat) द्वारा 17 अप्रैल 2026 को जयपुर के ऐतिहासिक मार्ग पर 'नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन' का भव्य आयोजन किया गया। महिला शक्ति के सम्मान और 'विकसित भारत' के संकल्प को धरातल पर साकार करने के मुख्य उद्देश्य के साथ आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम 'नारी शक्ति वंदन' रखी गई। कार्यक्रम के शुभारंभ पर माय भारत जयपुर की जिला युवा अधिकारी श्रीमती नेहा कांवट ने आयोजन की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इसी क्रम में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गौरवान्वित करने वाली महिला खिलाड़ियों को माय भारत वॉलंटियर्स द्वारा पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस ऐतिहासिक दौड़ का विधिवत फ्लैग-ऑफ राजस्थान सरकार की महिला एवं बाल विकास विभाग की माननीय राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार और माननीय पूर्व विधायक श्रीमती अलका गुर्जर द्वारा किया गया। प्रातः 07:30 बजे चांदपोल से प्रारंभ होकर बड़ी चौपड़ तक आयोजित इस 2 किलोमीटर लंबी दौड़ में सैकड़ों युवतियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर माननीय पूर्व महापौर श्रीमती कुसुम यादव, कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की कांस्य पदक विजेता सुश्री पूजा, वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 की स्वर्ण पदक विजेता सुश्री कचनार चौधरी और एशियन खेल 2022 की महिला कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता सुश्री निधि शर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त करने वाली गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
संपूर्ण वातावरण 'वन्दे मातरम', 'भारत माता की जय' और 'नारीशक्ति जिंदाबाद' के ओजस्वी नारों से गुंजायमान हो उठा। दौड़ के अतिरिक्त आयोजन स्थल पर सेल्फी बूथ और सिग्नेचर वॉल जैसे आकर्षण भी रहे, जहां युवतियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन VBYLD 2025 की विजेता काव्या सिंह द्वारा किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (उत्तर) श्री मुकेश मूढ, पीआईबी उपनिदेशक श्री धर्मेश भारती, माय भारत राजस्थान के राज्य निदेशक श्री देवेंद्र व्यास सहित अधिकारी गण प्रदीप कुमार, शरद त्रिपाठी और सुरेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन ने न केवल 'फिट इंडिया' के संदेश को प्रसारित किया, बल्कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की अपरिहार्य और महत्वपूर्ण भूमिका को भी पुरजोर तरीके से रेखांकित किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
