जयपुर स्थित नारायणा हॉस्पिटल में अत्याधुनिक AR (Augmented Reality) तकनीक की मदद से घुटने के एक जटिल प्रत्यारोपण को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसमें पूर्व में लगी प्लेट और स्क्रू को बिना निकाले ही सर्जरी की गई।

यह जटिल सर्जरी अस्पताल के वरिष्ठ जोड़ प्रत्यारोपण एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विजय शर्मा और उनकी टीम द्वारा की गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि 72 वर्षीय महिला मरीज के घुटने के जोड़ में लगभग पाँच वर्ष पूर्व फ्रैक्चर के उपचार के दौरान प्लेट और स्क्रू लगाए गए थे। समय के साथ उसी घुटने में ऑस्टियोआर्थराइटिस विकसित होने के कारण मरीज को गंभीर दर्द, टेढ़ापन और चलने-फिरने में कठिनाई होने लगी, जिससे उसकी दैनिक गतिविधियाँ प्रभावित हो गई थीं।

डॉ. विजय शर्मा के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में ऐसे मामलों में पारंपरिक तरीके से घुटने का प्रत्यारोपण करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन AR तकनीक की सहायता से यह जटिल सर्जरी संभव हो सकी। सर्जरी के मात्र 10 घंटे बाद ही मरीज चलने-फिरने लगी, जिससे इस तकनीक की सटीकता और प्रभावशीलता स्पष्ट होती है।

उन्होंने बताया कि AR तकनीक में सर्जन विशेष प्रकार के स्मार्ट ग्लास पहनकर ऑपरेशन करते हैं, जिसमें घुटने की लाइव 3D एनाटॉमिकल मैपिंग के माध्यम से इम्प्लांट की पिन-पॉइंट सटीक पोजिशनिंग की जाती है। रियल-टाइम विजुअल गाइडेंस के कारण सर्जरी अधिक सुरक्षित और सटीक बन जाती है।

डॉ. शर्मा ने यह भी बताया कि इस तकनीक में सर्जरी से पहले CT स्कैन की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने इसे पारंपरिक रोबोटिक सिस्टम की तुलना में अधिक उन्नत, सरल और किफायती तकनीक बताया, जो कई जटिल मामलों में अधिक सटीक परिणाम प्रदान करती है।

इस सर्जरी में डॉ. विजय शर्मा के साथ डॉ. मनीष गुप्ता और एनेस्थीसिया टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर के डायरेक्टर श्रीमान बलविंदर सिंह वालिया तथा क्लीनिकल डायरेक्टर एवं विभागाध्यक्ष, कार्डियक एनेस्थीसिया डॉ. प्रदीप कुमार गोयल ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य मरीजों को विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि AR जैसी उन्नत तकनीकों को अपनाकर अस्पताल जटिल सर्जरी को अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी बना रहा है तथा भविष्य में भी नवीनतम चिकित्सा तकनीकों और नवाचारों को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर राजस्थान में बहुविशेषता स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने वाले प्रमुख अस्पतालों में शामिल है, जो विभिन्न चिकित्सा विभागों में उपचार, निदान और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story