एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नागौर जिले के जायल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 400 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद किया है। टीम ने एमडी की तस्करी में इस्तेमाल TUV-300 कार RJ21UC2898 को जब्त कर एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया। बरामद एमडी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये बताई गई है।

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि एमडी की बड़ी खेप नागौर से जयपुर ले जाई जा रही है। इसे जयपुर पहुंचाकर अलग-अलग पार्टियों एवं ग्राहकों तक सप्लाई किया जाना था। सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने ग्राम दुगौली में खारी-जोधा जाने वाली सड़क पर देवनारायण बगीची के सामने निगरानी एवं नाकाबंदी शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध TUV-300 कार को रोककर स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की खलासी सीट के नीचे एक सफेद प्लास्टिक का कट्टा मिला। कट्टे के अंदर हरे रंग की पांच थैलियां थीं, जिनसे कुल 5.400 किलो एमडी बरामद की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि एमडी की यह खेप सालासर/मालास, थाना मेडतारोड़ क्षेत्र से प्राप्त की गई थी। इसके बाद धुडिला गांव के पास एक तस्कर ने एमडी की खेप बाल अपचारी को सौंप दी थी। एमडी लेकर वह जयपुर की ओर रवाना हुआ था।

कार्रवाई के दौरान मिले मोबाइल की जांच में एक अकाउंटिंग/खाताबुक ऐप भी मिला। इसमें ‘SD MUTH’ नाम से करीब 16 लाख रुपये के लेनदेन का हिसाब दर्ज पाया गया है। पुलिस अब एमडी उपलब्ध कराने वाले सप्लायर, इसके परिवहन में सहयोग करने वालों और आगे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के अनुसार, एएनटीएफ ने गठन के महज 10 महीनों में 196.76124 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद की है। नागौर में हुई यह कार्रवाई एमडी की बड़ी खेप की तस्करी और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच के लिए महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।

Next Story