जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नियुक्त मतदान दलों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण बुधवार, 26 अगस्त 2026 से शुरू हो गया। जयपुर शहर में 4 और ग्रामीण क्षेत्र में 10 स्थानों पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान कार्य, विभिन्न प्रपत्रों के संधारण सहित निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 784 पीआरओ और 815 पीओ प्रथम उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) एवं जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक ने जयपुर शहर के महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशियल साइंसेज, पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, एचआरडीसी एवं आईजीपीआरएस में आयोजित प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दलों के कार्मिकों से ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त की और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में नगरीय निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त करने की ताकीद की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और मतदान प्रक्रिया के साथ अपने दायित्वों की पूर्ण जानकारी प्राप्त करना सुनिश्चित करें। अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी। पीआरओ तथा पीओ प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के दायित्वों के साथ बैलेट, टेण्डर वोट, सिलिंग, पोस्टल बैलेट, मॉक पोल, पीआरओ डायरी तथा विभिन्न प्रकार के प्रपत्रों को सही ढंग से भरने एवं संधारित करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

प्रशिक्षण में बी.यू. एवं सी.यू. का लाइव प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से ईवीएम मशीन के जरिए मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी देवयानी सहित प्रशिक्षण में 784 पीआरओ एवं 815 पीओ प्रथम उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया और उनके दायित्वों की व्यावहारिक जानकारी सुनिश्चित की जा रही है।

Next Story