'माय भारत' राजस्थान और एन.एस.एस. की समीक्षा बैठक जयपुर में संपन्न
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने पंजीकरण, तकनीकी सुधार और अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के विस्तार हेतु नए दिशा-निर्देश दिए।

जयपुर के पी.आई.बी. सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान पोस्टर विमोचन करतीं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी।
जयपुर, 06 फरवरी 2026: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की माननीय सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल की अध्यक्षता में आज जयपुर के पी.आई.बी. सभागार, केंद्रीय सदन में ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत), राजस्थान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक का शुभारंभ एवं स्वागत कार्यक्रम
- बैठक का शुभारंभ प्रातः माननीय सचिव महोदया के आगमन के साथ हुआ।
- जहाँ माननीय सचिव महोदया एवं श्री रमेश वर्मा, निदेशक, राष्ट्रीय सेवा योजना का श्री कृष्ण लाल पारचा, राज्य निदेशक, माय भारत राजस्थान एवं श्री एस पी भटनागर, क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा स्वागत किया गया।
- इसके उपरांत, राज्य निदेशक माय भारत ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।
गतिविधियों और प्रगति का प्रस्तुतीकरण
तत्पश्चात श्री राजेश चौधरी, उप निदेशक, माय भारत, जोधपुर एवं श्री प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक, माय भारत राजस्थान ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से राजस्थान में ‘माय भारत’ द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों और अब तक की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इसी प्रकार राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारियों ने भी एन एस एस कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया।
माननीय सचिव महोदया के प्रमुख दिशा-निर्देश
1. युवा पंजीकरण एवं ऐप का व्यापक उपयोग
"सभी युवाओं को अनिवार्य रूप से ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकृत कराने तथा ‘माय भारत ऐप’ को डाउनलोड करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।" यह पहल युवाओं को पोर्टल से जोड़ने और सूचनाओं तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करने में सहायक होगी।
2. संगठनात्मक विस्तार और बुनियादी ढांचा
नए जिलों में ‘माय भारत’ कार्यालय खोलने हेतु मुख्यालय को शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिन कार्यालयों के पास स्वयं की भूमि उपलब्ध है, उन्हें यूथ हॉस्टल और कार्यालय निर्माण हेतु अनुमानित लागत के साथ प्रस्ताव भिजवाने के लिए कहा गया। सभी ‘युवा आवासों’ में ‘माय भारत’ के कार्यालय संचालित होंगे और जिला युवा अधिकारी के पर्यवेक्षण में ‘युवा रिसोर्स सेंटर’ चलाए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर युवाओं को संसाधन उपलब्ध हो सकें।
3. पोर्टल में तकनीकी सुधार
माय भारत पोर्टल के डैशबोर्ड और पोर्टल पर राजस्थान के नवगठित जिलों को सम्मिलित करते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार हेतु मुख्यालय को सुझाव भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि पोर्टल की कार्यक्षमता और उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाया जा सके।
4. अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (ई एल पी) का निरंतर संचालन
ई एल पी कार्यक्रमों को विभिन्न विभागों के साथ निरंतर संचालित करने पर जोर दिया गया। "कॉलेजों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि युवाओं को उनके पाठ्यक्रम के अनुसार संबंधित विभागों में ई एल पी प्रशिक्षण हेतु भेजा जाए, जैसे फार्मेसी के छात्रों को ‘जन औषधि केंद्र’ की ई एल पी में भेजा जाना चाहिए।"
विशेष कार्यक्रमों एवं आयोजनों पर बल
- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: इस अवसर पर राज्य सरकार और फिट इंडिया के साथ समन्वय कर अधिकाधिक महिलाओं को सम्मिलित कर स्पोर्ट्स इवेंट्स आयोजित करने और स्पोर्ट्स किट वितरित करने के निर्देश दिए गए, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।
- युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम: अंतरराज्य युवा आदान-प्रदान एवं अंतरजिला युवा आदान प्रदान कार्यक्रमों को रोटेशनल आधार पर अलग अलग जिलों में आयोजित किया जाना चाहिए, जिससे सांस्कृतिक समझ और एकता को बढ़ावा मिलेगा।
- एलुमनाई मीट: पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवकों हेतु एलुमनाई मीट आयोजित कर उन्हें सम्मानित करने और सक्रिय कार्यक्रमों से जोड़ने का निर्णय लिया गया।
- युवा मंडल: प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ‘युवा मंडल’ का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- स्वयंसेवकों का प्रोत्साहन: ‘माय भारत’ वॉलंटियर्स को राज्य एवं स्थानीय स्तर पर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया, ताकि उनके उत्साहवर्धन और समर्पण को पहचान मिल सके।
समीक्षा का समापन एवं आभार
इसके बाद एन एस एस की गतिविधियों और कार्यक्रमों की भी समीक्षा कर महत्वपूर्ण दिशानिर्देश दिए गए। बैठक में सचिव महोदय एवं अन्य अधिकारियों द्वारा बजट क्वेस्ट में अधिकाधिक युवाओं के पंजीकरण हेतु पोस्टर विमोचन भी किया गया।
यह बैठक ‘माय भारत’ के उद्देश्यों को प्राप्त करने और राजस्थान के युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस बैठक में विभिन्न जिलों से आए उपनिदेशक एवं जिला युवा अधिकारी उपस्थित रहे, साथ ही एन एस एस के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में, श्री राजेश चौधरी, उप निदेशक, माय भारत, जोधपुर द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं माननीय सचिव महोदया का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
