विकसित भारत @2047: जयपुर में 'माय भारत बजट क्वेस्ट' का भव्य समापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के जरिए युवाओं को 'भविष्य के आर्किटेक्ट' बताया, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विजेताओं से किया संवाद।

जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट’ के समापन समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संवाद करते अतिथि।
राजस्थान की राजधानी जयपुर आज ‘अमृत पीढ़ी’ के उत्साह और विकसित भारत के संकल्प की साक्षी बनी। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट - राजस्थान युवा संवाद’ के मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से युवाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि "राजस्थान के युवाओं का आत्मविश्वास और उनके नवाचारी विचार वर्ष 2047 तक विकसित भारत की मजबूत नींव रख रहे हैं।" उन्होंने बताया कि MY भारत बजट क्वेस्ट 2026 युवाओं को अपने इनोवेटिव आइडिया, ज़मीनी अनुभव और बजट पर विचार साझा करने का एक सशक्त मंच प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं को “भविष्य के आर्किटेक्ट” बताते हुए कहा कि "उनकी ऊर्जा, विचार और सहभागिता भारत की विकास यात्रा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।" देशभर से युवाओं की बड़ी भागीदारी इस पहल की सफलता का प्रमाण है।
नीति और विकास पर नेतृत्व के विचार
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि "केंद्रीय बजट 2026 लोगों और उनकी क्षमताओं को नीति के केंद्र में रखता है। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार पर केंद्रित निवेश विकसित भारत की दिशा तय करता है।" मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि "बजट में Ease of Doing Business को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और पूंजीगत व्यय को प्राथमिकता दी गई है, जिससे भारत वैश्विक उद्यमिता केंद्र बन सके।" उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि "यह बजट मानव संसाधन विकास को केंद्र में रखता है।" उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि "महिलाओं के नेतृत्व में समावेशी विकास सतत प्रगति का आधार है।" कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि "इस तरह के संवाद से युवाओं की नीति निर्माण में सार्थक भागीदारी बढ़ती है।" कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि "भारत कृषि प्रधान देश है और रोजगार सृजन में कृषि की अहम भूमिका है।" उन्होंने पॉलीहाउस, मल्चिंग और लो टनल जैसी संरक्षित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री का युवाओं से संवाद और पोर्टल की उपलब्धि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विजेताओं से वर्चुअल संवाद कर उनके सुझाव सुने। उन्होंने बताया कि MY भारत पोर्टल पर 17 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। अभियान की शुरुआत 1 फरवरी 2026 को हुई थी, जिसमें राजस्थान से कुल 75,591 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 984 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिनमें 423 महिलाएं और 561 पुरुष शामिल हैं। प्रत्येक जिले से 100 युवा वर्चुअल माध्यम से इस संवाद से जुड़े।
मुख्य विषयों पर विशेषज्ञों की गहन चर्चा
दिनभर चले सत्र में चार प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। 'मानव पूंजी: शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर' विषय पर राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा के कुलपति प्रो. (डॉ.) निमित रंजन चौधरी ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई। इसमें पूर्णिमा यूनिवर्सिटी के चेयरमैन श्री शशिकांत सिंघी, को-चेयर CII-Yi जयपुर श्री संकल्प गुप्ता, कन्फेडरेशन ऑफ वुमन एंटरप्रेन्योर्स की मेंटर सुश्री माला खेतान और CII राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष श्री अपूर्व कुमार शामिल हुए। 'वैश्विक उद्यमिता केंद्र: भारत को स्टार्टअप में अग्रणी बनाने की रणनीति' पर DOIT की संयुक्त निदेशक सुश्री रीतिका पांडे, RVCF के उपाध्यक्ष श्री गौरव चौधरी, कारदेखो के सह-संस्थापक श्री अनुराग जैन, मनु यंत्रालय के प्रबंध निदेशक श्री अभिनव बांठिया, JVS फूड्स के निदेशक श्री विवेक लोढ़ा, पॉलीमेडिक्योर लिमिटेड के अध्यक्ष श्री विशाल बैद और वुडन स्ट्रीट के संस्थापक श्री लोकेंद्र सिंह राणावत ने विचार रखे।
'विकसित कृषि: ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधुनिक खेती' सत्र में अतिरिक्त निदेशक (कृषि) श्री एस.एस. शेखावत, अतिरिक्त निदेशक (अनुसंधान) श्री अजय कुमार पचौरी, SIAM के निदेशक श्री हीरेन्द्र कुमार शर्मा सहित प्रगतिशील किसान एवं उद्यमी राजेन्द्र सिंह खींचड़, केसर सिंह, मोहन लाल मीणा, सुरेन्द्र अवाना, श्यामसुन्दर शर्मा, श्रवण कुमार शर्मा, अनु कानावत और मनोज मोरारका ने शिरकत की। 'नारी शक्ति: महिला नेतृत्व में समावेशी विकास' विषय पर UN Women की डॉ. मुक्ता अरोड़ा, CII-Indian Women Network की चेयरपर्सन सुश्री श्रद्धा अग्रवाल और निम्स यूनिवर्सिटी की निदेशक डॉ. पल्लवी मिश्रा ने मार्गदर्शन दिया। इसके अलावा सत्र में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) - मानव संसाधन संदीप वर्मा, परियोजना निदेशक राजीविका प्रीति सिंह, मंजरी पंत, तृषा पारीक, ललिता कुच्छल और मुक्ता अरोड़ा ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान और विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
